एयरटेल टॉवर से RRU उड़ाने वाला हाईटेक गैंग गिरफ्तार: आगरा से लेकर गुरुग्राम तक फैले हैं चोरी के तार

Crime

आगरा: ताजनगरी की थाना जगदीशपुरा पुलिस ने मोबाइल टॉवरों को निशाना बनाकर उनके कीमती और संवेदनशील उपकरण उड़ाने वाले एक बड़े अंतरजनपदीय (इंटरस्टेट) गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान गिरोह के पांच शातिर सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह गैंग बेहद शातिर तरीके से पहले टॉवरों की रेकी करता था और फिर मौका पाकर बेशकीमती आरआरयू (Remote Radio Unit) उपकरण चोरी कर ब्लैक मार्केट में बेच देता था।

पुलिस ने इन आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का माल, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी, कटर-औजार और नगदी बरामद की है। पूछताछ में इस गैंग ने आगरा के अलावा दिल्ली से सटे गुरुग्राम (हरियाणा) में भी कई बड़ी वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली है।

​बोदला के एयरटेल टॉवर पर हाथ साफ कर हुए थे फरार

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि बीती 11 मई की रात जगदीशपुरा क्षेत्र के बोदला स्थित इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी में लगे एक एयरटेल टॉवर से अज्ञात चोरों ने आरआरयू (RRU) उपकरण चोरी कर लिया था। टॉवर प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। चोरों तक पहुंचने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और सर्विलांस टीम को एक्टिव किया गया।

आखिरकार, मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने सेक्टर-6 और सेक्टर-7 के बीच बने एक खाली मैदान में घेराबंदी की और वहां छिपे पांचों आरोपियों को दबोच लिया।

​रेकी के बाद वारदात, अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने इनसे कड़ाई से पूछताछ की, तो इन्होंने बोदला टॉवर की चोरी के साथ-साथ गुरुग्राम समेत कई अन्य शहरों में की गई चोरियों का राज भी उगल दिया। आरोपियों ने बताया कि वे दिन में स्कूटी से घूमकर ऐसे मोबाइल टॉवरों को चिह्नित करते थे जहां सुरक्षा व्यवस्था ढीली होती थी या जो सुनसान जगह पर होते थे। इसके बाद रात के अंधेरे में औजारों की मदद से उपकरण काटकर फरार हो जाते थे।

​पकड़े गए आरोपियों की पहचान आशीष राघव, दानिश, सुभाष कुमार, मनजीत सिंह और सुखबीर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, यह गैंग बेहद संगठित है और इसके सदस्य बुलंदशहर, गाजियाबाद, एटा और फिरोजाबाद जैसे अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं, जो मिलकर इस नेटवर्क को चला रहे थे।

​बरामदगी और आगे की तफ्तीश

​पुलिस ने आरोपियों के पास से एयरटेल टॉवर से चोरी किया गया आरआरयू उपकरण, वारदात में प्रयुक्त दानिश नाम के आरोपी की स्कूटी, चार मोबाइल फोन, ताला और तार काटने वाले औजार समेत ₹12,130 की नकदी बरामद की है।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह गैंग काफी समय से सक्रिय है और इसके तार कबाड़ बाजार के बड़े सिंडिकेट से जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस की टीमें अन्य जिलों और राज्यों की पुलिस से संपर्क साधकर इस गैंग का पुराना क्राइम रिकॉर्ड और इनके खरीदारों का नेटवर्क खंगालने में जुटी हैं।