आगरा: ताजनगरी का आगरा-फिरोजाबाद मार्ग इन दिनों दक्षिण भारतीय आध्यात्मिकता और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। अवसर था श्री वरद वल्लभा महागणपति मंदिर के दो दिवसीय ‘चतुर्थ वार्षिक उत्सव’ का। इस दौरान मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष ने एक ऐसी दिव्य आभा पैदा की, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। दक्षिण भारतीय स्थापत्य शैली में निर्मित यह मंदिर अपनी भव्यता और विशाल महागणपति प्रतिमा के कारण मिनी दक्षिण भारत का अहसास करा रहा था।
हवन-पूजन से हुई उत्सव की शुरुआत
आयोजक हरिमोहन गर्ग (एनआरएल ग्रुप) ने बताया कि इस दो दिवसीय आध्यात्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ बुधवार को विशेष शुद्धिकरण पूजन और पुष्पार्चन के साथ हुआ। प्रथम दिन कलश स्थापना के साथ गणपति हवन, लक्ष्मी गणपति हवन, मृत्युंजय हवन और धनवंतरी हवन संपन्न कराए गए। श्रद्धालुओं ने पूर्ण श्रद्धा के साथ आरोग्य और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए आहुतियां दीं।
कांचीपुरम के विद्वानों ने कराया कुम्भाभिषेक
गुरुवार को उत्सव के दूसरे दिन की सुबह आध्यात्मिक ऊर्जा से भरी रही। कांचीपुरम से पधारे भरनीधरन आर. के सानिध्य में यज्ञाचार्य सबरी राजन ने वैदिक विधि-विधान से कुम्भाभिषेक और भगवान गणपति का विशेष अभिषेक संपन्न कराया। मंत्रों की गूंज और विशेष पूजा अर्चना ने पूरे वातावरण को भक्ति के चरमोत्कर्ष पर पहुँचा दिया।
भव्य पालकी यात्रा और महाआरती
उत्सव का मुख्य आकर्षण गुरुवार शाम को निकाली गई ‘भव्य पालकी यात्रा’ रही। फूलों और रोशनी से सजी पालकी में विराजमान महागणपति के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लग गया। ढोल-नगाड़ों और भजनों के बीच जब पालकी मंदिर प्रांगण में घूमी, तो पूरा परिसर उत्सव के रंग में डूब गया। इसके पश्चात उत्तर और दक्षिण भारतीय परंपराओं के अद्भुत समन्वय के साथ विशेष महाआरती की गई। दीपों की जगमगाहट और शंखनाद के बीच भक्त भावविभोर होकर नृत्य करने लगे।
सांस्कृतिक एकता का केंद्र: प्रो. एसपी सिंह बघेल
समारोह में मुख्य रूप से शामिल हुए केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने मंदिर की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह देवालय केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि उत्तर और दक्षिण भारतीय संस्कृतियों को जोड़ने वाला एक मजबूत सेतु है। यतेन्द्र कुमार गर्ग (एनआरएल ग्रुप) ने भी विचार साझा करते हुए कहा कि यह मंदिर भारतीय एकता और आध्यात्मिक परंपराओं का प्रतीक बन चुका है।
गरिमामयी उपस्थिति
इस पावन अवसर पर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, श्री रामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल, मुकेश जैन, नीरज गर्ग, सिद्धांत गर्ग, दीपक गर्ग, साधना गर्ग, रिद्धि, अदिति, चन्दर सचदेवा, सीए राकेश अग्रवाल, सुनील बंसल, अर्चना अग्रवाल और संजय बंसल सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


