तिरुवनंतपुरम: केरल में विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी 10 दिनों का सियासी घमासान आखिरकार थम गया है। कांग्रेस आलाकमान ने वीडी सतीशन (VD Satheesan) के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी है। गुरुवार को हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया। इस निर्णय के साथ ही मुख्यमंत्री की रेस में शामिल दिग्गज नेता केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला पिछड़ गए हैं।
केरल में UDF की ऐतिहासिक वापसी
वर्ष 2026 के विधानसभा चुनावों में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने 140 सीटों वाली विधानसभा में 102 सीटों पर शानदार जीत दर्ज कर निर्णायक जनादेश हासिल किया था। जीत के बाद से ही दिल्ली से लेकर तिरुवनंतपुरम तक बैठकों का दौर जारी था। सतीशन के नाम की घोषणा के बाद अब केरल कांग्रेस समिति आज राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेगी।
परवूर के ‘अजेय’ योद्धा हैं सतीशन
वीडी सतीशन ने 2026 के चुनाव में अपनी पारंपरिक सीट परवूर से लगातार छठी बार जीत हासिल कर अपना दबदबा साबित किया है। उन्होंने भाकपा के ईटी टायसन मास्टर को 20,600 वोटों के भारी अंतर से शिकस्त दी। पेशे से वकील सतीशन पिछले 25 वर्षों (2001 से) से इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
विपक्ष के नेता से मुख्यमंत्री की कुर्सी तक
2021 में रमेश चेन्निथला के बाद विपक्ष के नेता की जिम्मेदारी संभालने वाले वीडी सतीशन पिछले पांच वर्षों में एलडीएफ सरकार के खिलाफ यूडीएफ का सबसे प्रखर चेहरा रहे हैं। भ्रष्टाचार और प्रशासनिक मुद्दों पर उनके मुखर विरोध ने ही कांग्रेस को राज्य में सत्ता विरोधी लहर का लाभ दिलाने में मदद की। कोच्चि के नेट्टूर में जन्मे सतीशन ने छात्र राजनीति (KSU) से अपने सफर की शुरुआत की थी।


