लखनऊ: समाजवादी पार्टी के संरक्षक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन के बाद, सपा प्रमुख अखिलेश यादव बुधवार को KGMU स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। अपने छोटे भाई के पार्थिव शरीर को देख अखिलेश भावुक नजर आए। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने पुरानी यादों को साझा करते हुए बताया कि प्रतीक बचपन से ही अपनी शारीरिक तंदुरुस्ती और सेहत को लेकर बहुत गंभीर थे और हमेशा कुछ सार्थक करने का सपना देखते थे।
”दो महीने पहले हुई थी आखिरी मुलाकात”
अखिलेश यादव ने बताया कि लगभग दो महीने पहले उनकी प्रतीक से मुलाकात हुई थी। उस समय उन्होंने प्रतीक को अपनी सेहत का विशेष ख्याल रखने और अपने बिजनेस पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी थी। सपा प्रमुख ने एक महत्वपूर्ण संकेत देते हुए कहा, “कभी-कभी व्यापार में होने वाले घाटे की वजह से लोग गहरे मानसिक सदमे (डिप्रेशन) में चले जाते हैं। वह अब हमारे बीच नहीं हैं, यह पूरे परिवार के लिए अत्यंत दुखद क्षण है।”
कानूनी प्रक्रिया और जांच पर जोर
प्रतीक की अचानक हुई मौत को लेकर अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि परिवार पूरी तरह से कानून के साथ है। उन्होंने कहा, “हम कानूनी प्रावधानों और नियमों का पूरी तरह पालन करेंगे। पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं से जो भी तथ्य सामने आएंगे और परिवार के सदस्य जो निर्णय लेंगे, उसी के आधार पर हम आगे बढ़ेंगे।”
शोक में डूबा यादव कुनबा
प्रतीक यादव के निधन की खबर के बाद से ही लखनऊ से लेकर सैफई तक समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा है। अखिलेश यादव ने भाई को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। फिलहाल, सभी को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है ताकि मौत की सही वजहों का पता चल सके।

