लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी के मलिहाबाद इलाके में सोमवार की सुबह एक बेहद सनसनीखेज वारदात से दहल गई। मामूली विवाद ने यहाँ ऐसा खूनी रूप अख्तियार किया कि एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। ढे़डेमऊ गांव स्थित एक शराब के ठेके पर वक्त से पहले शराब न देने की कीमत सेल्समैन को अपनी जिंदगी देकर चुकानी पड़ी।
वक्त की पाबंदी और आरोपी का गुस्सा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वारदात सुबह करीब साढ़े आठ बजे की है, जब शराब का ठेका अभी खुला भी नहीं था। इसी दौरान इलाके का ननक्के कश्यप नाम का युवक वहां पहुंचा और सेल्समैन अजय जायसवाल उर्फ रिंकू (35 वर्ष) से शराब मांगने लगा। अजय ने नियमानुसार ठेका खुलने से पहले शराब देने से साफ इनकार कर दिया। यही छोटी सी बात आरोपी को इतनी नागवार गुजरी कि उसने आपा खो दिया और पास ही पड़ी लोहे की भारी रॉड उठाकर अजय पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
मौके पर ही तोड़ा दम
आरोपी ने लोहे की रॉड से अजय के सिर पर कई वार किए, जिससे अजय वहीं जमीन पर गिर पड़ा। सिर में गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अजय पिछले दो सालों से इसी ठेके पर काम कर रहा था। चीख-पुकार सुनकर जब रज्जन नाम का युवक बीच-बचाव करने पहुंचा, तो आरोपी ने उसे भी पीटकर लहूलुहान कर दिया।
पुलिसिया कार्रवाई और ग्रामीणों का आक्रोश
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ननक्के कश्यप मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस बल और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। अजय की मौत से गांव में कोहराम मच गया है।
वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए इलाके में देर रात तक होने वाली संदिग्ध गतिविधियों और अवैध शराब की बिक्री पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

