मानवता का अनूठा संगम: आगरा में भारत विकास परिषद ‘सुरभि’ ने रचाया 6 निर्धन बेटियों का सामूहिक विवाह, सात फेरों से महकी गृहस्थी

विविध

आगरा: “कन्यादान महादान है और बेटियां साक्षात देवी का रूप।” इसी सेवा संकल्प को चरितार्थ करते हुए भारत विकास परिषद ‘सुरभि’ द्वारा सोमवार को लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस पुनीत कार्य में जाति और वर्ग की सीमाओं को लांघकर छह निर्धन कन्याओं का घर बसाया गया, जिसकी चहुंओर प्रशंसा हो रही है।

​धूमधाम से निकली सामूहिक बारात

उत्सव का आगाज जयपुर हाउस स्थित जैन स्मृति भवन से हुआ, जहाँ से बैंड-बाजे और ढोल की थाप पर भव्य सामूहिक बारात निकाली गई। घुड़चढ़ी की रस्म के दौरान कार्यकर्ता और बाराती नाचते-गाते हुए लोहामंडी पहुंचे। इसके बाद महाराजा अग्रसेन भवन में सजे मुख्य मंच पर वरमाला की रस्म पूरी हुई, जहां उपस्थित जनसमूह ने पुष्प वर्षा कर नवयुगलों का स्वागत किया।

सात फेरे और भावुक विदाई

भवन के भीतर अलग-अलग सुसज्जित मंडपों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी जोड़ों ने सात फेरे लिए और एक-दूसरे का साथ निभाने का वचन दिया। परिषद की ‘सुरभि’ शाखा की महिला सदस्यों ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सभी बेटियों को गृहस्थी का संपूर्ण आवश्यक सामान उपहार स्वरूप भेंट किया। विदाई के समय माहौल अत्यंत भावुक हो गया और नम आँखों से बेटियों को उनके नए जीवन के लिए विदा किया गया।

​दिग्गजों ने दिया आशीर्वाद

समारोह में सत्ता और समाज की प्रतिष्ठित हस्तियों ने शिरकत की। केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एसपी सिंह बघेल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन और भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने वर-वधू को सुखद दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। साथ ही समाजसेवी महेश उपाध्याय, गौरव बंसल, अजय शिवहरे सहित कई गणमान्य लोगों ने परिषद के इस सेवा कार्य की सराहना की।

​इनका रहा विशेष सहयोग

समारोह को सफल बनाने में सुरभि की अध्यक्ष निधि अग्रवाल, प्रेरणा स्रोत प्रीति उपाध्याय और सचिव अंजलि अग्रवाल के साथ वंदना अग्रवाल, नीलिमा शर्मा, निधि बंसल, ममता जैन व निहारिका अग्रवाल की मुख्य भूमिका रही। टीम की अन्य सदस्यों ने भी व्यवस्थाओं को बखूबी संभाला, जिससे यह आयोजन यादगार बन गया।