आगरा: जनपद को क्षय रोग (टीबी) मुक्त बनाने के अभियान में ‘हेल्प आगरा’ संस्था ने सेवा और समर्पण की एक नई मिसाल पेश की है। सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक के दौरान जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में संस्था ने लगातार दूसरे महीने 100 टीबी मरीजों को ‘पोषण पोटली’ वितरित की। इस पहल का उद्देश्य मरीजों को दवा के साथ-साथ सही आहार उपलब्ध कराकर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में मदद करना है।
विदित हो कि पिछले महीने 24 मार्च 2026 को ‘विश्व क्षय रोग दिवस’ के अवसर पर इन 100 मरीजों को गोद लेकर सहायता शुरू की गई थी। ठीक एक महीने बाद पुनः उसी प्रतिबद्धता के साथ पोषण सामग्री उपलब्ध कराकर संस्था ने टीबी उन्मूलन के प्रति अपनी अटूट वचनबद्धता को दोहराया है। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने भी शिरकत की और संस्था के प्रयासों को सराहा।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने थपथपाई पीठ
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि टीबी एक गंभीर लेकिन पूरी तरह उपचार योग्य बीमारी है। उन्होंने जोर दिया कि इस लड़ाई में जनजागरूकता और हेल्प आगरा जैसे सामाजिक संगठनों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने भी मरीजों का हौसला बढ़ाया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हेल्प आगरा निरंतर स्वास्थ्य सेवाओं में जिला प्रशासन का हाथ बटा रही है।
सेवा का निरंतर संकल्प
हेल्प आगरा के प्रतिनिधि नरेश जैन ने बताया कि संस्था समाज के कमजोर वर्गों तक स्वास्थ्य और पोषण पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। गोद लिए गए इन सभी मरीजों को उनके पूर्ण स्वस्थ होने तक नियमित अंतराल पर यह सहायता दी जाएगी। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुखेश गुप्ता ने इस पहल की सराहना करते हुए जनपद की अन्य सामाजिक संस्थाओं से भी अपील की कि वे इस पुनीत कार्य में आगे आएं।
इस अवसर पर उप जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. शशिकांत राहुल सहित स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में हेल्प आगरा के इस मानवीय दृष्टिकोण की प्रशंसा की।


