आगरा। ताजनगरी के नए जिलाधिकारी मनीष बंसल ने अपनी प्रशासनिक पारी की शुरुआत एक अनूठी और आध्यात्मिक मिसाल पेश करते हुए की है। कार्यभार संभालने से पहले उन्होंने लोक-कल्याण और सुशासन की मंगलकामना के साथ शहर के प्राचीन एवं आस्था के केंद्र श्रीमनःकामेश्वरनाथ मंदिर में हाजिरी लगाई। महादेव की शरण में विधिवत पूजन करने के उपरांत ही उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिले की कमान संभाली।
वैदिक मंत्रोच्चार और आशीर्वाद के बीच हुआ पूजन
आगरा आगमन के बाद जिलाधिकारी सबसे पहले रावली क्षेत्र स्थित मंदिर परिसर पहुंचे। वहां मुख्य महंत योगेश पुरी महाराज ने उनका आत्मीय स्वागत किया। मंदिर के गर्भगृह में जिलाधिकारी ने वैदिक रीति-रिवाजों और मंत्रोच्चार के बीच भगवान आशुतोष का अभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने जनपद की खुशहाली, समृद्धि और जन-जन की सेवा के लिए शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। महंत योगेश पुरी ने उन्हें आशीर्वाद स्वरूप प्रसाद भेंट कर सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
कोषागार में ग्रहण किया प्रभार
धार्मिक अनुष्ठान पूर्ण करने के पश्चात जिलाधिकारी मनीष बंसल सीधे कलेक्ट्रेट स्थित मुख्य कोषागार पहुंचे। यहां उन्होंने औपचारिक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर आगरा के जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया, जिसके तुरंत बाद वे जिले की व्यवस्थाओं को समझने में जुट गए।
तेज-तर्रार कार्यशैली की पहली दस्तक
मनीष बंसल के आगमन के साथ ही आगरा प्रशासन में नई कार्यशैली की आहट सुनाई देने लगी है। चार्ज ग्रहण करने के दूसरे दिन ही जिलाधिकारी ने जिस तरह बिना किसी पूर्व सूचना के जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया, उसने सरकारी महकमों में खलबली मचा दी है। अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने के उनके इस कदम से जनता के बीच यह संदेश गया है कि आने वाले समय में विकास कार्यों में तेजी के साथ-साथ जवाबदेही और पारदर्शिता पर विशेष फोकस रहेगा।

