आगरा में एमजी रोड पर ‘खूनी’ क्रेन का कहर: पीएसी जवान की मां को कुचला, बेटी के सामने तड़पकर तोड़ा दम

स्थानीय समाचार

आगरा। ताजनगरी की लाइफलाइन कहे जाने वाले महात्मा गांधी मार्ग (MG Road) पर बुधवार शाम एक रूह कंपा देने वाला हादसा हुआ। राजा की मंडी चौराहे के पास एक बेकाबू क्रेन (हाइड्रा) ने स्कूटी सवार मां-बेटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही बेसुध हो गई। इस मंजर को जिसने भी देखा, उसकी रूह कांप गई।

​गड्ढे और क्रेन के बीच फंसी जिंदगी

हाथरस की मूल निवासी उर्मिला (60) अपने बेटे कृष्ण प्रताप सिंह के पास आगरा में रह रही थीं। कृष्ण प्रताप 15वीं बटालियन पीएसी में आरक्षी के पद पर तैनात हैं। उर्मिला का लिवर 80 प्रतिशत डैमेज था और उनका इलाज लखनऊ मेडिकल कॉलेज से चल रहा था। बुधवार शाम करीब 6:00 बजे वह अपनी बेटी कोमल के साथ स्कूटी पर दवा लेने जा रही थीं। जैसे ही वे सेंट जॉन्स से राजा की मंडी की ओर बढ़ीं, चौराहे के पास सड़क पर बने एक जानलेवा गड्ढे के कारण स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया।

20 मीटर तक घिसटती गई महिला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तरफ रिक्शा और दूसरी तरफ क्रेन होने के कारण स्कूटी चालक को संभलने का मौका नहीं मिला। स्कूटी फिसलते ही उर्मिला सड़क पर गिर पड़ीं और तभी पीछे से आ रही क्रेन (हाइड्रा) का भारी भरकम पहिया उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। बताया जा रहा है कि चालक ने लापरवाही दिखाते हुए क्रेन नहीं रोकी और महिला करीब 20 मीटर तक वाहन के साथ घिसटती चली गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बेटी के सामने उजड़ गया संसार

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। अपनी मां को अपनी ही आंखों के सामने दम तोड़ते देख बेटी कोमल सदमे में आ गई और बेहोश हो गई। स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने पर क्रेन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस हादसे के कारण एमजी रोड पर राजा की मंडी से नागरी प्रचारिणी तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और भीषण जाम की स्थिति बन गई।

​पुलिस की कार्रवाई और शिनाख्त

संयोगवश वहां से गुजर रहे न्यू आगरा थाना प्रभारी योगेश कुमार ने स्थिति को संभाला और अपने हमराहियों की मदद से शव को सड़क से हटवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल बेटी कोमल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतका के पति पुष्पेंद्र सिंह भी पुलिस विभाग में मुख्य आरक्षी थे, जिनका पहले ही निधन हो चुका है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि फरार क्रेन चालक को सलाखों के पीछे भेजा जा सके।