आगरा। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के 135वें जन्मोत्सव पर आगरा में भव्य आयोजन की तैयारी है। ग्यासपुरा क्षेत्र की भीमनगरी समारोह आयोजन समिति की ओर से 31वीं भीमनगरी का आयोजन शाहगंज स्थित जीआईसी मैदान पर किया जा रहा है। भीमनगरी की तैयारियां अंतिम चरण में है। गुरुवार को जीआईसी मैदान पर आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने भीमनगरी महोत्सव के तीन दिवसीय आयोजन की विस्तृत जानकारी के साथ भीमनगरी महल का पोस्टर विमोचन किया।
क्षेत्रीय अध्यक्ष सुभाष सागर ने बताया कि 15 से 17 अप्रैल तक तीन दिवसीय ऐतिहासिक भीमनगरी महोत्सव के लिए मंच आकार ले चुका है। आयोजन को अलौकिकता प्रदान करने के लिए ग्यासपुरा क्षेत्र की क्षेत्रीय भीमनगरी आयोजन समिति दिन-रात एक किये हुए है। इस बार बोधित्व शैली पर सम्राट अशोक की कल्पनाओ के महल को सजाया जा रहा है। जो कलकत्ता व पश्चिम बंगाल से आये 80 से अधिक कारीगर बना रहे है।
महल 125 फीट ऊंचा और 300 फीट चौड़ा है। महल के आगे जमीन से छह फीट ऊंची, 200 फीट लंबी और 70 फीट चौड़ी स्टेज बनाई जा रही है। इसके आगे फुब्बरों की लाइन और सजावट के लिए पुष्प गमलों से सुशोभित होगा। महल के शीर्ष पर 15 फीट का राष्ट्र ध्वज, अशोक चक्र व महल के ऊपर पंचशील का ध्वज लहराएगा। मंच के सामने महापुरुषों के नाम के आठ ब्लॉक होंगे ताकि आसानी से जानता बैठ सकते।
क्षेत्रीय महामंत्री महेंद्र सिंह ने बताया कि 14 अप्रैल को चक्कीपाट से परंपरागत शोभायात्रा निकलेगी और जीआईसी मैदान पर बने भीमनगरी के मंच पर बाबा साहेब के जन्मदिन का केक कटा जायेगा और संगीत संध्या का आयोजन होगा।
15 अप्रैल को भीमनगरी महोत्सव का उद्द्घाटन समारोह होगा। 16 अप्रैल को बौद्ध रीति से दहेज़ रहित सौ जोड़ो का सामूहिक विवाह होंगे। 17 अप्रैल को समापन पर प्रबुद्ध वर्ग व मेधावी सम्मान समारोह में लगभग 250 बच्चो का सम्मान और अगली भीमनगरी स्थल की औपचारिक घोषणा होगी।
क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि सौ दूल्हों की बारात भव्य बैण्ड बजो के साथ तहसील से जीआईसी पहुंचेगी। सौ घोड़ो पर बारात निकाली जाएगी। भीम नगरी मंच से सविधान निर्माता बाबा साहेब का सन्देश 5 किलोमीटर तक शहर की गलियों में सुनाई दे उसके लिए पहली बार बटक साउंड लगाया जा रहा है। ग्यासपुरा और शाहगंज के साथ-साथ करीब छह किलोमीटर तक भव्य विधुत सजावट की जा रही है। भीमनगरी स्थल के साथ-साथ पूरे शहर को पंचशील व नीले ध्वज से पटा जा रहा है। विशेष संगीत संध्या के लिए गायक अनुज जाटव पियावली व इंडियन आइडल फेम श्रेया वर्मा का कार्यक्रम मंच पर होगा और प्रख्यात पंजाबी लोकगायिका गिन्नी माही का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
इन्हे दिया निमंत्रण
भीमनगरी के उद्घाटन के लिए महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बसपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, विपक्ष नेता राहुल गाँधी और आजाद समाज पार्टी अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद को निमंत्रण देकर आमंत्रित किया है।
पहली बार सोशल मीडिया पर दिखेंगी भीमनगरी
संयोजक राहुल सागर ने बताया कि बाबा साहेब के अनुयायी देश में ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण विश्व में है और आगरा की ऐतिहासिक भीमनगरी को तकनीक से जोड़ा गया है। एक क्यूआर कोड के माध्यम से फेसबुक और इंस्टाग्राम के प्लेटफार्म पर भीमनगरी की समस्त गतिविधि को घर बैठे मोबाइल के माध्यम से देश-विदेश में देखा जा सकेगा।
शोभायात्रा में निकलेंगी सौ से अधिक झांकियां
केंद्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी ने बताया कि ऐतिहासिक डॉ. अंबेडकर जयंती शोभायात्रा में शहर के कोने-कोने से सौ से अधिक सामाजिक संदेश देते हुए और सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों पर झांकियां निकाली जायेंगी। शोभायात्रा के दौरान प्रशासन ने सुचारू ट्रैफ़िक व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है।
महामंत्री श्याम जरारी ने बताया कि अब तक 30 भीमनगरी लगी है उनमे ये भीमनगरी ऐतिहासिक होगी। अब तक पूरे भारत में महापुरुषों की जयंती मनायी जाती है, ये आगरा की भीम नगरी पूरे भारत वर्ष में हाईटटेक भीमनगरी होगी।
इस अवसर पर संरक्षक प्रताप सिंह सिट्टू, राजाबाबू बौद्ध, रवि शंकर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय राना, सिन्धी जनवेजा, वीर प्रकाश बंटी, सुमित कुमार, देवेन्द्र पिप्पल, राजेंद्र पिप्पल, अवधेश कुमार, दीपक कुमार, दिनेश कुमार, सुबोध मानव, टीटू कुमार, नवल किशोर, अरुण, आर्यन, बॉबी, सौरभ आदि मौजूद रहे।

