इंफाल/बिष्णुपुर: शांति की ओर बढ़ते मणिपुर में एक बार फिर हिंसा की आग भड़क उठी है। बिष्णुपुर जिले के मोइरांग ट्रोंग्लाओबी इलाके में मंगलवार देर रात संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा किए गए कायराना रॉकेट हमले ने पूरे प्रदेश को दहला दिया है। इस भीषण विस्फोट में एक 5 साल के मासूम लड़के और मात्र 6 महीने की दुधमुंही बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल है। इस हृदयविदारक घटना के बाद मणिपुर के पांच जिलों में तनाव व्याप्त है और सरकार ने सुरक्षा के मद्देनजर इंटरनेट सेवाओं पर पाबंदी लगा दी है।
नींद में ही छीन ली गईं मासूमों की सांसें
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह हमला उस समय हुआ जब परिवार घर के अंदर गहरी नींद में था। संदिग्ध कुकी उग्रवादियों द्वारा दागा गया एक शक्तिशाली बम सीधे घर की छत पर आकर गिरा। धमाका इतना जोरदार था कि घर के परखच्चे उड़ गए। मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद ने इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे ‘मानवता पर सीधा हमला’ करार दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति बिगाड़ने वाले इन ‘आतंकवादियों’ को पाताल से भी ढूंढ निकाला जाएगा।
आगजनी और प्रदर्शन: गुस्से में उबला मणिपुर
मासूमों की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय निवासियों का धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित भीड़ सड़कों पर उतर आई और जमकर बवाल काटा। प्रदर्शनकारियों ने मोइरांग थाने के बाहर टायर जलाकर विरोध जताया और एक अस्थायी पुलिस चौकी को क्षतिग्रस्त कर दिया। उग्र भीड़ ने एक पेट्रोल पंप के पास खड़े दो तेल टैंकरों और एक ट्रक को आग के हवाले कर दिया। स्थिति को संभालने के लिए इलाके में भारी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
5 जिलों में डिजिटल ब्लैकआउट
कानून-व्यवस्था को बिगड़ने से रोकने और अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए मणिपुर सरकार ने इंफाल वेस्ट, इंफाल ईस्ट, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों में इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं को तत्काल प्रभाव से 3 दिनों के लिए निलंबित कर दिया है। प्रशासन का मानना है कि यह कदम हिंसा को और फैलने से रोकने के लिए अनिवार्य है।
शांति भंग करने की साजिश
मोइरांग ट्रोंग्लाओबी का यह इलाका संवेदनशील चुराचांदपुर की पहाड़ियों के करीब है, जहाँ 2023 के जातीय संघर्ष के दौरान भी भारी हिंसा देखी गई थी। ताजा हमले को राज्य में बड़ी मुश्किल से कायम हुई शांति को पटरी से उतारने की साजिश के तौर पर देखा जा रहा है। जांच के दौरान पुलिस ने घटना स्थल के पास से एक और जिंदा विस्फोटक उपकरण बरामद किया है, जिसे समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया।

