आगरा: डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने सामाजिक सरोकारों की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विश्वविद्यालय के समाज विज्ञान संस्थान (MSW) के छात्र-छात्राओं द्वारा ब्लॉक बरौली अहीर के ग्राम कुंआ खेड़ा में एक भव्य ‘निःशुल्क चिकित्सा शिविर एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम ने न केवल ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं, बल्कि उन्हें सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक भी किया।
“गांव की मिट्टी से जुड़ा है मेरा दिल”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. आशु रानी भावुक नजर आईं। उन्होंने ग्रामीण जीवन की सरलता और अपनत्व का जिक्र करते हुए कहा, “जब मैं गांव में होती हूं तो शहर की याद आती है और जब शहर में होती हूं तो गांव की याद आती है।”
उन्होंने गांव के बच्चों को उच्च शिक्षा और तरक्की के लिए प्रेरित करते हुए अपील की कि वे सरकार द्वारा दी जा रही स्वास्थ्य और जनकल्याणकारी सुविधाओं का पूरा लाभ उठाएं। इस दौरान पूर्व विधायक महेश कुमार गोयल और ग्राम प्रधान जयपाल सिंह ने भी अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
विशेषज्ञों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण, बांटी मुफ्त दवाएं
शिविर में चिकित्सा जगत के विशेषज्ञों ने ग्रामीणों की विभिन्न जांचें कीं। डॉ. आशीष बिसेरिया, डॉ. अनुज जैन, नेत्र विशेषज्ञ डॉ. मुकेश चन्द्रवरिया, दंत चिकित्सक डॉ. एन.एस. लोधी और प्राकृतिक चिकित्सक डॉ. मदन प्रताप सिंह ने मरीजों का परीक्षण किया।
कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर कु. चंचल के सहयोग से ब्लड प्रेशर, शुगर और सामान्य स्वास्थ्य की जांच की गई और जरूरतमंदों को निःशुल्क परामर्श के साथ दवाइयां भी वितरित की गईं।
MSW के छात्र-छात्राओं ने संभाली कमान
समाज विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. मोहम्मद अरशद और सह-आचार्य डॉ. राजीव वर्मा के निर्देशन में एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थियों ने इस पूरे आयोजन को बेहद सुव्यवस्थित तरीके से क्रियान्वित किया।
आकाश, ख्याति, हरेंद्र, आर्येंद्र, प्रवीन्द्र, मुकुल, लक्ष्मी, प्रियंशी, नेहा, कुणाल, आदित्य, मोहित और अभय जैसे युवाओं की मेहनत ने शिविर को सफल बनाया।
ग्रामीणों ने विश्वविद्यालय की इस मानवीय पहल की मुक्तकंठ से सराहना की। यह आयोजन स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच ग्रामीण क्षेत्रों तक सुनिश्चित करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हुआ।

