लखनऊ के सबसे रसूखदार थाने पर गिरी गाज: वसूली के खेल में पूरा स्टाफ लाइन हाजिर, CM आवास क्षेत्र में भ्रष्टाचार देख कमिश्नर का सख्त एक्शन

Regional

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सबसे संवेदनशील और वीवीआईपी इलाके गौतमपल्ली थाने में भ्रष्टाचार का ऐसा ‘दीमक’ सामने आया है, जिसने पूरे पुलिस महकमे को हिलाकर रख दिया है। मुख्यमंत्री आवास के पास स्थित इस थाने में ढाई लाख रुपये की अवैध वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आने के बाद पुलिस कमिश्नर ने ऐतिहासिक कार्रवाई की है। एक झटके में थानाध्यक्ष (SHO) रत्नेश कुमार सिंह समेत थाने के पूरे स्टाफ को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

ढाई लाख का वो ‘सौदा’ जो पड़ गया भारी

मामला महज दो दिन पुराना है। सूत्रों के मुताबिक, गौतमपल्ली पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया था। उसे छोड़ने के बदले में करीब 2.5 लाख रुपये की मोटी रकम वसूली गई। जब इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों तक पहुंची, तो पुलिस कमिश्नर ने स्वयं इसकी गोपनीय जांच कराई।

जांच की आंच में वसूली के साक्ष्य सही पाए गए और यह साफ हो गया कि रक्षक ही भक्षक बन बैठे थे। साक्ष्य मिलते ही आधी रात को पूरे थाने के खिलाफ ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ जैसी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

​SHO समेत पूरी फोर्स पर गिरी बिजली

पुलिस विभाग में ऐसा बहुत कम होता है जब एक साथ पूरा थाना ही खाली कर दिया जाए। प्रभारी निरीक्षक रत्नेश कुमार सिंह से लेकर वहां तैनात आखिरी सिपाही तक, हर किसी को पद से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। लाइन हाजिर होने का मतलब साफ है इन सभी के खिलाफ अब विभागीय जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर बर्खास्तगी तक की तलवार लटक सकती है।

विपिन सिंह को मिली ‘कांटों भरी’ कमान

भ्रष्टाचार के दाग धोने और वीवीआईपी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था बहाल करने के लिए विपिन सिंह को गौतमपल्ली का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती न केवल कानून-व्यवस्था को संभालना है, बल्कि पुलिस की धूमिल हुई छवि को सुधारकर जनता का विश्वास फिर से हासिल करना है।

​CM आवास क्षेत्र में दुस्साहस: प्रशासन के लिए बड़ी चिंता

गौतमपल्ली थाना इसलिए भी खास है क्योंकि मुख्यमंत्री आवास इसी के अधिकार क्षेत्र में आता है। सत्ता के केंद्र में इस तरह की खुली वसूली ने शासन की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर सवाल खड़े कर दिए थे। इस सामूहिक कार्रवाई के जरिए पुलिस कमिश्नर ने संदेश दिया है कि भ्रष्टाचार चाहे छोटे थाने में हो या सबसे रसूखदार इलाके में, किसी को बख्शा नहीं जाएगा।