लखनऊ/आगरा। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने बड़ी राहत और चेतावनी दोनों साथ दी है। मंगलवार को प्रदेश के 20 पश्चिमी जिलों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण इन इलाकों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
तापमान में आएगी 4 डिग्री तक की गिरावट
सोमवार को जहां प्रदेश के कई शहर भट्टी की तरह तप रहे थे, वहीं मंगलवार से शुरू हो रहे इस बदलाव से अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की उम्मीद है। सोमवार को सहारनपुर, मथुरा और अलीगढ़ जैसे जिलों में धूल भरी हवाओं और बूंदाबांदी ने इस बदलाव की दस्तक दे दी थी।
बांदा रहा सबसे गर्म, प्रयागराज और वाराणसी में भी पारा हाई
बीते सोमवार को उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। 41.4 डिग्री सेल्सियस के साथ बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। इसके अलावा प्रयागराज में तापमान 40.5°C, वाराणसी में 39.9°C कानपुर व अमेठी में तापमान 38.8°C के आसपास रहा। राजधानी लखनऊ में अभी तक के सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ।
इन 20 जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, ईरान के पास से सक्रिय हुए विक्षोभ का असर पश्चिमी यूपी में ज्यादा दिखेगा।
मौसम विभाग ने सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर जिले और आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि और अंधड़ की चेतावनी जारी की है ।
राजधानी लखनऊ में बूंदाबांदी के संकेत
राजधानी लखनऊ में मंगलवार को बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि शहर में छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है और तेज रफ्तार हवाएं चलेंगी। हालांकि, यह बदलाव अल्पकालिक है और 1 अप्रैल से मौसम के पुनः शुष्क होने के आसार हैं, जिससे तापमान में फिर से बढ़ोतरी शुरू हो सकती है।

