आगरा में दबंगई: छेड़छाड़ का विरोध करने पर कुल्हाड़ी और रॉड से लैस 20 हमलावरों ने घर में बोला धावा

Crime

आगरा। ताजनगरी के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए दबंगों ने एक परिवार पर खौफनाक हमला बोल दिया। आरोप है कि रास्ते में महिला और नाबालिग से छेड़छाड़ का विरोध करने पर 15 से 20 हथियारबंद बदमाशों ने पीड़ित के घर पर धावा बोला, दरवाजा तोड़ा और जमकर उत्पात मचाया। इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

विरोध करने पर पहले बेटे को पीटा, फिर घर पर धावा

पीड़ित परिवार के अनुसार, विवाद की शुरुआत तब हुई जब दबंगों ने रास्ते में घर की महिला और एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ व अभद्र व्यवहार किया। जब परिवार के सदस्यों ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपियों ने पहले उनके बेटे के साथ सरेराह मारपीट की। मामला यहीं शांत नहीं हुआ; कुछ ही देर बाद आरोपी राज (पुत्र कलुआ) अपने 15-20 साथियों के साथ लोहे की रॉड, कुल्हाड़ी, चाकू और डंडों से लैस होकर पीड़ित के दरवाजे पर आ धमका।

​दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे, दी आग लगाने की धमकी

हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए घर का मुख्य दरवाजा तोड़ दिया और भीतर घुसकर तांडव मचाया। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों ने घर के सामान में जमकर तोड़फोड़ की और पूरे परिवार को जान से मारने व घर में आग लगाने की धमकी दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिन्होंने चोरी-छिपे इस पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो अब पुलिस के लिए अहम सबूत बन सकता है।

FIR के बाद भी मिल रही धमकियां

​पीड़ित परिवार ने पुलिस को दी तहरीर में राज समेत कई अन्य को नामजद किया है। हालांकि, परिवार का दावा है कि पुलिस में शिकायत करने के बाद भी आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। उन्हें फोन पर लगातार केस वापस लेने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां मिल रही हैं, जिससे पूरा परिवार खौफ के साये में जीने को मजबूर है।

​जांच में जुटी जगदीशपुरा पुलिस

​घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना जगदीशपुरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और पड़ोसियों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। दबिश दी जा रही है और जल्द ही मुख्य आरोपी समेत सभी हमलावरों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।