Agra News: शहीद दिवस पर ‘माय भारत’ की अनूठी पहल: श्रमदान और स्वच्छता से दी अमर शहीदों को श्रद्धांजलि; डॉ. सहगल बोले- स्वच्छता भी है देशभक्ति का रूप

विविध

आगरा: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (भारत सरकार) के मार्गदर्शन में संचालित ‘माय भारत’ के तत्वावधान में आज शहीद दिवस के अवसर पर ताजनगरी में एक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। शहीद स्मारक पार्क और उसके आसपास के क्षेत्रों में युवाओं ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शहीदों के बलिदान को याद करते हुए युवाओं को सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ना रहा।

“पुष्प अर्पित करना ही काफी नहीं, उनके मार्ग पर चलना होगा”

​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माय भारत, आगरा के जिला युवा अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार सहगल ने उपस्थित युवाओं में जोश भरा। उन्होंने कहा, “हमारे अमर शहीदों ने देश की एकता और अखंडता के लिए प्राणों की आहुति दी है। शहीद दिवस हमें याद दिलाता है कि सच्ची श्रद्धांजलि केवल पुष्प अर्पित करने से नहीं, बल्कि उनके दिखाए मार्ग पर चलकर देश सेवा करने से मिलती है।”

​स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का आह्वान

डॉ. सहगल ने स्वच्छता को देशभक्ति का एक सशक्त रूप बताते हुए कहा, “जब युवा अपने परिवेश को स्वच्छ रखते हैं, तो वे शहीदों के सपनों के भारत का निर्माण करते हैं। स्वच्छ भारत केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन है। यदि युवा वर्ग स्वच्छता को अपने जीवन का अभिन्न अंग बना ले, तो भारत को सशक्त राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता।” उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस संकल्प को केवल आयोजनों तक सीमित न रखें, बल्कि इसे दैनिक अनुशासन का हिस्सा बनाएं।

​युवा स्वयंसेवकों का संकल्प

​कार्यक्रम के दौरान माय भारत स्वयंसेवक अंकित ने शहीदों के जीवन और त्याग से प्रेरणा लेने की बात कही, वहीं अमन सिकरवार ने उपस्थित सभी युवाओं को स्वच्छ भारत के निर्माण के लिए सामूहिक शपथ दिलाई।

​इस अवसर पर सौरव, हर्ष, डागोर, अर्शिया हाशमी, मुस्कान और अनुराग सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर पार्क परिसर की सफाई की। युवाओं की इस ऊर्जा और संकल्प ने कार्यक्रम को सफल बनाया और समाज को स्वच्छता व राष्ट्रवाद के प्रति जागरूक किया।