आगरा: ताजनगरी के थाना सैंया क्षेत्र में युवक के साथ हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 42 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। सैंया थाना पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए इस छिनैती कांड में शामिल चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में युवक की बाइक को टक्कर मारकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
फिल्मी स्टाइल में दी वारदात को अंजाम
घटना के दिन पीड़ित युवक कोल्ड स्टोरेज से काम खत्म कर अपनी अपाचे मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान पल्सर सवार बदमाशों ने उसका पीछा किया और पीछे से जोरदार टक्कर मारकर उसे सड़क पर गिरा दिया। जब तक युवक संभल पाता, बदमाशों ने उसे डरा-धमकाकर उसका मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और जरूरी कागजात लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
तकनीकी साक्ष्यों से बिछाया जाल
वारदात के बाद डीसीपी पश्चिम सोनम कुमार के निर्देशन में पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सर्विलांस की मदद ली। मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए पुलिस ने राहुल, कोमल, विकास और सुंदर को दबोच लिया।
हालांकि, गिरोह का एक सदस्य शिवम अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
लूट की बाइक और अवैध हथियार बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई अपाचे मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। इसके अलावा तलाशी में इनके पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस, छह अन्य मोबाइल फोन और 2220 रुपये नकद मिले हैं। पकड़े गए बदमाशों में कुछ आगरा के और कुछ पड़ोसी राज्य राजस्थान के रहने वाले हैं।
डीसीपी पश्चिम का बयान
डीसीपी पश्चिम आदित्य ने बताया कि यह गिरोह सुनसान रास्तों पर राहगीरों को निशाना बनाता था। गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। उन्होंने टीम को इस त्वरित खुलासे के लिए शाबाशी दी और कहा कि फरार आरोपी शिवम को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

