सांसद राज कुमार चाहर को बड़ी अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारी, भारत-ऑस्ट्रेलिया मैत्री संसदीय समूह में हुए शामिल

Regional

आगरा: फतेहपुर सीकरी के सांसद राज कुमार चाहर के कद में एक बार फिर राजनीतिक इजाफा हुआ है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा गठित ‘भारत-ऑस्ट्रेलिया मैत्री संसदीय समूह’ में उन्हें सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। यह नियुक्ति न केवल आगरा बल्कि समूचे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरव की बात मानी जा रही है।

​समूह में शामिल हैं देश के दिग्गज सांसद

इस प्रतिष्ठित समूह की कमान कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद मनीष तिवारी को दी गई है। समूह में लोकसभा से राज कुमार चाहर के साथ-साथ हरसिमरत कौर बादल, चरनजीत सिंह चन्नी और सीएम रमेश जैसे दिग्गज नेताओं को जगह मिली है। वहीं, राज्यसभा से संजय सेठ और धनंजय महाडिक जैसे सांसदों को भी इसमें शामिल किया गया है।

अंतरराष्ट्रीय संबंधों को मिलेगी नई ऊंचाई

इस मैत्री समूह का मुख्य उद्देश्य भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच संसदीय संवाद को बढ़ावा देना है। यह मंच दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ द्विपक्षीय सहयोग के नए रास्ते खोलने का काम करेगा। सांसद चाहर की इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर उपस्थिति से क्षेत्र की समस्याओं और दृष्टिकोण को भी एक व्यापक मंच मिलने की उम्मीद है।

​आगरा में समर्थकों में हर्ष की लहर

सांसद चाहर की इस उपलब्धि पर आगरा और फतेहपुर सीकरी के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। समर्थकों का कहना है कि उनकी लगातार सक्रियता और संसदीय कार्यों के प्रति समर्पण के कारण ही उन्हें यह अंतरराष्ट्रीय अवसर प्राप्त हुआ है।