दक्षिण में भाजपा की चुनावी हुंकार: किसान मोर्चा अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने तमिलनाडु में कार्यकर्ताओं को दिया ‘जीत का मंत्र’

Politics

​चेन्नई/तिरुबेल्लूर (25 फरवरी 2026): तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट के बीच भारतीय जनता पार्टी ने अपनी सियासी सक्रियता बढ़ा दी है। चेन्नई से तिरुपति की यात्रा के दौरान भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राजकुमार चाहर का तमिलनाडु के विभिन्न क्षेत्रों में जोरदार स्वागत हुआ। इस दौरे को विशुद्ध धार्मिक यात्रा के बजाय आगामी चुनावों के लिए संगठन को धार देने और कार्यकर्ताओं में जोश भरने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

​बूथ स्तर पर ‘युद्धस्तर’ की तैयारी का आह्वान

तिरुबेल्लूर जिले में जिलाध्यक्ष अश्वनी कुमार के नेतृत्व में आयोजित भव्य स्वागत समारोह में राजकुमार चाहर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि तमिलनाडु में भाजपा को एक सशक्त विकल्प बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से ‘बूथ स्तर’ पर सक्रिय होना होगा।

उन्होंने कहा, “तमिलनाडु में संगठन का तेजी से विस्तार हो रहा है। कार्यकर्ताओं का यह उत्साह संकेत है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार बनाने के लक्ष्य की ओर मजबूती से बढ़ रही है।”

ग्रामीण क्षेत्रों में किसान मोर्चा निभाएगा मुख्य भूमिका

किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चाहर ने पदाधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करना और केंद्र सरकार की पीएम-किसान, सिंचाई योजना और अन्य किसान हितैषी नीतियों को घर-घर पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसानों का विश्वास ही तमिलनाडु में भाजपा की जीत की नींव रखेगा।