मुंबई: भारतीय सिनेमा के पर्दे पर एक नया और शक्तिशाली विलेन दस्तक देने को तैयार है। वीरत कर्णा स्टारर और अभिषेक नामा के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘नागबंधम’ में अभिनेता ऋषभ साहनी कुख्यात अफगान सुल्तान ‘अब्दाली’ का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म के हालिया पोस्टर ने यह साफ कर दिया है कि ऋषभ इस बार क्रूरता और महत्वाकांक्षा की सभी हदें पार करने वाले हैं।
दहशत का पोस्टर: बर्फ, खून और भेड़ियों का झुंड
फिल्म के फर्स्ट-लुक पोस्टर में ऋषभ साहनी को बर्फ से ढके एक युद्धक्षेत्र के बीच खड़ा दिखाया गया है। उनके हाथ में एक विशाल, खून से सना युद्धकुल्हाड़ा (War Axe) है और उनके पीछे हाथियों, तीरंदाजों के साथ-साथ भेड़ियों का एक खतरनाक झुंड नजर आ रहा है। यह विजुअल 1750 के उस खौफनाक दौर की याद दिलाता है जब अब्दाली ने भारत पर आक्रमण किए थे।
क्या है ‘नागबंधम’ का रहस्य?
फिल्म की कहानी हिमालय की चोटियों में छिपे एक रहस्यमयी खजाने और शक्ति, यानी ‘नागबंधम’ के इर्द-गिर्द बुनी गई है। अब्दाली का किरदार उसी गुप्त रहस्य को हासिल करने के लिए तबाही मचाता नजर आएगा। निर्देशक अभिषेक नामा ने ऋषभ की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने इस किरदार में इतनी गहराई भरी है कि दर्शक इतिहास को पर्दे पर जीवित होता देखेंगे।
महाशिवरात्रि पर धमाका
फिल्म के मेकर्स ने एलान किया है कि इस भव्य गाथा की पहली झलक यानी टीज़र महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रिलीज किया जाएगा। फिलहाल, ऋषभ साहनी का यह ‘पावर पैक्ड’ लुक दर्शकों की उत्सुकता को चरम पर ले गया है।
-अनिल बेदाग


