मुंबई (अनिल बेदाग)। जब भी रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण साथ दिखाई देते हैं, कैमरे मानो अपने-आप उनकी ओर मुड़ जाते हैं। इस बार मौका था न्यूयॉर्क में दीपिका की बेस्ट फ्रेंड की शादी का। जनवरी की शुरुआत में ली गई उनकी तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। लाइमलाइट से दूर रहकर भी हर फ्रेम में स्टारडम झलकाता यह पावर कपल एक बार फिर “कपल गोल्स” की परिभाषा गढ़ता नज़र आया।
रणवीर सिंह ने मिडनाइट ब्लू वेलवेट सूट में अपने सिग्नेचर स्टाइल को पूरे आत्मविश्वास के साथ पेश किया। मैचिंग वेस्ट, रेड सनग्लासेस, लेयर्ड चेन और सलीके से सजी दाढ़ी ने उनके लुक को रेट्रो और मॉडर्न का दिलकश मेल बना दिया। अंदाज़ वही बेफिक्र, एनर्जेटिक और पूरी तरह रणवीर।
दीपिका पादुकोण गहरे बैंगनी रंग की प्रिंटेड साड़ी में शालीनता और सादगी की खूबसूरत मिसाल बनीं। लो बन हेयरस्टाइल, स्टेटमेंट चोकर, चूड़ियां और सॉफ्ट मेकअप ने उनके नैचुरल ग्रेस को और निखार दिया। बिना किसी दिखावे के उनका एलिगेंट लुक हर तस्वीर में ठहराव और गरिमा जोड़ता दिखा।
इन तस्वीरों की असली खासियत दोनों के बीच का सहज तालमेल है। रणवीर का बोल्ड फैशन और दीपिका की क्लासिक एलिगेंस एक-दूसरे को खूबसूरती से कॉम्प्लिमेंट करती दिखी। न्यूयॉर्क के वॉर्म वुडन इंटीरियर के बीच यह जोड़ी प्यार, दोस्ती और साथ के जश्न को बेहद सहज और दिल से सेलिब्रेट करती नज़र आई।

