लखनऊ के 7 मॉल्स में FSDA की बड़ी कार्रवाई: लुलु हाइपर मार्केट सील, KFC सहित कई आउटलेट्स पर कार्रवाई

Regional

लखनऊ। राजधानी के प्रमुख शॉपिंग मॉल्स में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की 14 टीमों ने एक साथ 7 बड़े मॉल्स पर छापेमारी कर दी। जांच के दौरान लुलु हाइपर मार्केट और सिनेपॉलिस मॉल में कई गंभीर खामियां सामने आईं, जिनमें मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट में हेरफेर, खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन, भारी गंदगी और बिना लाइसेंस कारोबार शामिल हैं। स्थिति गंभीर पाए जाने पर लुलु हाइपर मार्केट का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।

जांच में टीमों ने कुल 61 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, जिनमें कई जगह नियमों की खुली अनदेखी मिली। लुलु मॉल के ‘डबरू द चाप’ आउटलेट को बिना लाइसेंस संचालित होते पाया गया, जिसके बाद उसे सील कर दिया गया। वहीं, सिनेपॉलिस मॉल स्थित KFC आउटलेट में भारी गंदगी, किचन में अव्यवस्था और सफाई मानकों के उल्लंघन पर संचालन रोकने का आदेश जारी किया गया।

FSDA अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ के सात मॉल्स में समन्वित कार्रवाई के तहत यह छापेमारी की गई। कुछ स्थानों पर मामूली खामियां मिलीं, जबकि कुछ जगह गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। अधिकारियों का कहना है कि संबंधित प्रतिष्ठान तभी दोबारा संचालन शुरू कर सकेंगे, जब वे सभी आवश्यक सुधारों और दस्तावेजों को पूरा कर लेंगे।

विभाग ने साफ किया कि खाद्य सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।