Agra News: रामलीला मैदान में कांग्रेसियों ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज, भाईचारा बनाए रखने की ली शपथ

विविध

आगरा शहर के रामलीला मैदान पर राष्ट्रीय पर्व मनाये जाने की परंपरा को शहर कांग्रेस पार्टी ने आज भी जारी रखा है। मंगलवार को शहर कांग्रेस पार्टी की ओर से बिजलीघर स्थित रामलीला मैदान पर 77वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सेवादल के कार्यकर्ता परंपरा निभाते हुए शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू को ध्वजारोहण स्थल तक ले गए। जिसके बाद शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू ने ध्वजारोहण किया और सभी ने राष्ट्रगान गाकर ध्वज को सलामी भी दी।

भाईचारा बनाए रखने की ली शपथ

ध्वजारोहण के बाद शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू की ओर से सभी को शपथ भी दिलाई गई। शपथ के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संविधान को बनाए रखने और उसके अनुसार ही जीवन का अनुपालन करने की शपथ ली, साथ ही देश की विघटनकारी शक्तियों को मुंहतोड़ जवाब देने की बात कही।

मीडिया से वार्ता करते हुए शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू ने बताया कि आजादी के बाद से रामलीला मैदान पर राष्ट्रीय पर्व को मनाये जाने का सिलसिला शुरू हुआ है जो आज भी कायम है। कांग्रेस कार्यकर्ता से लेकर सर्व समाज के लोग साथ मिलकर ध्वजारोहण किया करते थे और सभी से देश की अखण्डता और भाईचारा बनाये रखने की अपील की जाती है लेकिन कुछ सांप्रदायिकता फैलाने वाली ताकतों ने इस भाईचारा को खत्म कर दिया। आज सिर्फ कांग्रेस कार्यकर्ता ही यहां पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए राष्ट्रीय पर्व पर आते हैं।

वरिष्ठ कांग्रेसी राम टंडन और दुष्यंत शर्मा ने कहा कि ‘आजादी के बाद से कांग्रेस कार्यकर्ता इस परंपरा को निभाते हुए विघटनकारी शक्तियों को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। उनका कहना है कि पहले गोरों से लड़ना पड़ रहा था लेकिन अब चोरों से लड़ना पड़ रहा है और इस लड़ाई को कांग्रेस का कार्यकर्ता बखूबी लड़ रहा है।’

2024 चुनाव जीतने का संकल्प

कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से 2024 चुनाव को जीतने का भी संकल्प लिया गया। अपने विचार रखते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एक सरकार जो केंद्र में बैठी है उसने आज पूरे देश को टुकड़ों में बांटने का काम कर दिया है जिसका जीता जागता उदाहरण मणिपुर है। वहां ऐसी घटना सामने आई जिसे हर किसी को झकझोर कर रख दिया लेकिन देश के पीएम ने मणिपुर जाना संभव भी नहीं समझा।