नई दिल्ली। हुबली रैली के बाद कांग्रेस पार्टी के ट्वीट को लेकर भाजपा ने आज सोमवार को चुनाव आयोग में सोनिया गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। दरअसल, सोनिया गांधी ने 6 मई को कर्नाटक के हुबली में एक रैली की थी। सोनिया की यह कर्नाटक में पहली और आखिरी रैली थी।
रैली खत्म होने के बाद कांग्रेस पार्टी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर ट्वीट कर लिखा- 6.5 करोड़ कर्नाटक वासियों को कांग्रेस पार्लियामेंट्री पार्टी (CPP) चेयरपर्सन सोनिया गांधी का स्ट्रॉन्ग मैसेज। कांग्रेस कर्नाटक की साख, संप्रभुता और अखंडता पर कभी आंच नहीं आने देगी।
इसी बयान पर भाजपा का एक शिष्टमंडल केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, जितेंद्र सिंह और अनिल बलूनी के नेतृत्व में सोमवार को चुनाव आयोग से मिला और सोनिया गांधी पर कार्रवाई की मांग की। पार्टी नेता तरुण चुग ने बताया- संप्रभु एक राष्ट्र होता है, राज्य नहीं। सोनिया गांधी ने संप्रभुता की बात बोलकर देश के संविधान का अपमान किया है। उन्हें देश से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए।
PM ने कहा था- कांग्रेस कर्नाटक को भारत से अलग करने की वकालत कर रही
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कांग्रेस के इस ट्वीट पर रविवार को मैसूरु के नंजनगुड़ की रैली में कहा- इस चुनाव में अब कांग्रेस के शाही परिवार ने कहा है कि वो कर्नाटक की संप्रभुता की रक्षा करना चाहते हैं। कर्नाटक की sovereignty यानि कर्नाटक की संप्रभुता। जब कोई देश आजाद हो जाता है तो उसे संप्रभु राष्ट्र कहते हैं। इसका मतलब है कि कांग्रेस खुलकर कर्नाटक को भारत से अलग करने की वकालत कर रही है। टुकड़े-टुकड़े गैंग की बीमारी कांग्रेस में इतनी ऊपर तक पहुंच जाएगी, मैंने सोचा नहीं था।
Compiled: up18 News