यूपी: शाहजहांपुर में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली गर्रा नदी में गिरी, 14 लोगों की मौत, CM योगी ने जताया दुख

Regional

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में बड़ा हादसा हुआ है। तिलहर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर को श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली गर्रा नदी के पुल से नीचे गिर गई। ट्रॉली में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 40 लोग सवार थे। हादसे में 14 लोगों को मौत हो गई है। 20 से अधिक लोग घायल हैं।

हादसा शाहजहांपुर जिले के तिलहर थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर गांव के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंच गए। घायलों को अस्पताल में भिजवाया गया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार लोग ददरौल के सुनौरा गांव के रहने वाले थे। गर्रा नदी से जल लेने गए थे।

जानकारी के मुताबिक ददरौल के सुनौरा गांव में आकाश तिवारी के यहां कथा का आयोजन हो रहा है। गांव के कई लोग शनिवार की सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर तिलहर क्षेत्र में निगोही मार्ग पर बिरसिंहपुर गांव के पास गर्रा नदी से जल लेने आए थे।

जल भरने से पहले चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली गर्रा नदी के पुल पर मोड़ रहा था। बैक करते वक्त ट्रॉली पुल से नीचे उतर गई। इसी दौरान ट्रॉली ट्रैक्टर समेत पुल से नीचे जा गिरी। घटना के वक्त ट्रॉली में महिलाएं, बच्चे समेत कई लोग सवार थे। हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई।

आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ट्रॉली को सीधा किया। ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। प्रशासन ने 14 लोगों के मरने की पुष्टि की है। कई लोगों की हालत गंभीर है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाहजहांपुर में गर्रा नदी में हुए हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समूचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

जनपद शाहजहांपुर में दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों को युद्ध स्तर पर राहत-बचाव कार्य संचालित करने व घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं।

प्रभु श्री राम से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।