भारतीय हाई कमीशन की सुरक्षा दायित्वों को पूरा करने में विफल रही UK सरकार: विदेश मंत्री एस जयशंकर

Exclusive

जयशंकर ने कहा- जिस देश में ऐंबैसी या हाई कमीशन होता है, उस देश की ये जिम्मेदारी होती है कि वहां डिप्लोमैट्स को काम करने के लिए सुरक्षा दी जाए। हाई कमीशन कैंपस की सेफ्टी का ध्यान रखा जाए। लेकिन ब्रिटिश सरकार ऐसा करने में विफल रही है। हम इस पर उनसे बातचीत कर रहे हैं। वहीं सैन फ्रांसिस्को में इंडियन कॉन्सुलेट के सामने भारतीयों ने एक रैली निकाली। इस दौरान लोग भारतीय और अमेरिकी झंडों के साथ नाचते दिखे। वहीं बैरिकेडिंग की दूसरी तरफ खालिस्तानी समर्थक भी झंडे लिए नजर आए।

जयशंकर बोले, ऐसा व्यवहार स्वीकार नहीं

बेंगलुरु में एक युवा संवाद को संबोधित करते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि कुछ देशों का अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर अलग रवैया होता है और दूसरे देशों के लोगों को लेकर अलग रवैया। लेकिन बतौर विदेश मंत्री मैं इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं करूंगा। वहीं विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा- हमें सिर्फ आश्वासन नहीं एक्शन चाहिए। सैन फ्रांसिस्को में इंडियन कॉन्सुलेट पर हमले के चलते एक कार्यक्रम रद्द किया गया। हमने इस बारे में कनाडा के अधिकारियों से बात की है।

इंडियन हाई कमीशन पर विशाल तिरंगा फहराया गया

इससे पहले 22 मार्च को लंदन में इंडियन हाई कमीशन के बाहर फिर 2 हजार से ज्यादा खालिस्तान समर्थकों ने प्रदर्शन किया था। हालांकि, इस बार लंदन की मेट्रो पुलिस ने यहां सिक्योरिटी के सख्त इंतजाम किए थे। इंडियन हाई-कमीशन की इमारत पर बुधवार को पहले से बड़ा तिरंगा फहराया गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बिल्डिंग से कुछ दूरी पर रोक दिया।

हमले के बाद से हाई-कमीशन के बाहर सुरक्षा बढ़ी

पिछले हमले के बाद हाई-कमीशन के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रदर्शनकारियों में से कई के हाथ में खालिस्तानी झंडे थे। इस घटना को लेकर ब्रिटिश विदेश मंत्री ने भरोसा जताया था कि वे उच्चायोग की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएंगे। ब्रिटेन के विदेश मंत्री जेम्स क्लेवर्ली ने कहा था- लंदन में इंडियन हाई-कमीशन के स्टाफ पर हमले बर्दाश्त नहीं किए जांएगे। हम लंदन में इंडियन हाई-कमीशन और नई दिल्ली में भारत सरकार के संपर्क में हैं। हम इंडियन हाई-कमीशन में सुरक्षा की समीक्षा कर रहे हैं। यहां मौजूद स्टाफ की सुरक्षा के लिए जरूरी बदलाव किए जाएंगे।

अब जानिए लंदन में क्या हुआ था

खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह के खिलाफ पंजाब पुलिस कार्रवाई कर रही है। 19 मार्च को इसका विरोध लंदन में मौजूद कुछ खालिस्तान समर्थकों ने किया। खालिस्तानी लंदन में भारतीय हाई कमीशन पहुंचे। पहले तोड़फोड़ की और बाद में यहां लगा तिरंगा उतार दिया।
भारत ने इस पर सख्त एतराज जताया। दिल्ली में ब्रिटिश हाई कमिश्नर को तलब किया गया। इस बीच, हाई कमीशन पर अब पहले से ज्यादा बड़ा तिरंगा लगा दिया गया।

लंदन में भारत के हाई कमीशन पहुंचे लोगों के हाथ में खालिस्तानी झंडा और अमृतपाल सिंह के पोस्टर थे। पोस्टर्स पर लिखा, ‘फ्री अमृतपाल सिंह’ (अमृतपाल सिंह को आजाद करो), ‘वी वॉन्ट जस्टिस’ (हमें न्याय चाहिए) और ‘वी स्टैंड विथ अमृतपाल सिंह’ (हम अमृतपाल के साथ हैं)।

इंडियन डिप्लोमैट्स ने हमले के कुछ ही देर बाद पहले से ज्यादा बड़ा तिरंगा हाई कमीशन पर लगा दिया था।
लंदन स्थित भारतीय हाई कमीशन के बाहर तिरंगे का अपमान करने वाले खालिस्तानी समर्थक अवतार सिंह खंडा को ब्रिटेन में गिरफ्तार कर लिया गया। खंडा प्रतिबंधित ग्रुप बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) का सदस्य है। वहीं पंजाब में चल रही जांच में भी सामने आ रहा है कि खंडा ही अमृतपाल का हैंडलर है। रविवार को अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में इंडियन कॉन्स्यूलेट के बाहर प्रदर्शन करते खालिस्तान समर्थक।

US में भी इंडियन कॉन्स्यूलेट पर हमला

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लंदन के बाद अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में भी इंडियन कॉन्स्यूलेट पर हमला किया गया था। 19 मार्च को यहां भी खालिस्तान समर्थक जुटे। इन लोगों ने स्प्रे पेंट्स से अमृतपाल को रिहा करो.. लिख दिया। इन लोगों ने कॉन्स्यूलेट के गेट तोड़ दिए। वहां खालिस्तान के झंडे लगा दिए। भारतीय अमेरिकियों ने हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

लंदन में भारतीयों ने दिखाई एकजुटता

भारतीयों ने मंगलवार को भारतीय हाई कमीशन के बाहर इकट्ठे होकर एकजुटता का संदेश दिया और खालिस्तान समर्थकों का विरोध किया। इस दौरान भारत माता की जय और जय हिंद के नारे गूंजते रहे। प्रदर्शन कर रहे लोग भारतीय फिल्म स्लमडॉग मिलेनियर के ऑस्कर विनिंग सॉन्ग ‘जय हो’ पर झूमते दिखे। वहीं, माहौल तब खुशनुमा नजर आया, जब एक ब्रिटिश पुलिस अफसर एक भारतीय लड़की के साथ डांस करता दिखा। अफसर लड़की से डांस मूव सीख रहा था।

Compiled: up18 News