आगरा। दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (डीईआई) की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में रविवार को 532वें निशुल्क चिकित्सा एवं सहायता शिविर के साथ एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्थान की 10 एनएसएस इकाइयों के लगभग 935 छात्र-छात्राओं ने समाजसेवा की कमान संभालते हुए यमुना किनारे के घाटों, बैकुंठधाम और बसेरा गांव में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया।
स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करने के साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक दायित्व का संदेश भी दिया। वहीं चिकित्सा शिविर में जरूरतमंदों व ग्रामीणों को एलोपैथिक, होम्योपैथिक एवं आयुर्वेदिक पद्धतियों से निशुल्क उपचार, पैथोलॉजी जांच और दवाइयां प्रदान की गईं।
शिविर का भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के साइंटिस्ट-जी एवं उप महानिदेशक डॉ. एल.पी. शर्मा ने भ्रमण किया। उन्होंने संस्थान द्वारा संचालित जनकल्याणकारी कार्यों का अवलोकन किया और समाज के वंचित व जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। इस अवसर पर डीईआई के निदेशक प्रो. सी. पटवर्धन भी मौजूद रहे।
तीनों पद्धतियों से उपचार, पोषण और कौशल विकास पर जोर
संस्थान की ओर से हर रविवार आयोजित होने वाले 532वें चिकित्सा एवं सहायता शिविर में ग्रामीणों और जरूरतमंदों को एक ही छत के नीचे एलोपैथिक, होम्योपैथिक और आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धतियों से इलाज की सुविधा मिली। मरीजों की आवश्यक पैथोलॉजी जांचें की गईं और निशुल्क दवाइयां दी गईं।
स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ बच्चों के समग्र विकास और कुपोषण के उन्मूलन पर भी विशेष ध्यान दिया गया। बच्चों को प्रोटीन मिल्क, थ्रेप्टिन बिस्किट व च्यवनप्राश सहित पोषक सामग्री वितरित की गई। इसके अतिरिक्त बच्चों और महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए कंप्यूटर प्रशिक्षण, खेल-खेल में शिक्षा, संगीत, सिलाई-कढ़ाई तथा अचार निर्माण जैसे कौशल विकास कार्यक्रम भी चलाए गए।
तीन प्रमुख स्थानों पर चला स्वच्छता और जागरूकता अभियान
चिकित्सा शिविर के समानांतर एनएसएस की 10 इकाइयों के करीब 935 स्वयंसेवकों ने एक दिवसीय विशेष शिविर में सक्रिय सहभागिता की। चार इकाइयों के विद्यार्थियों ने पोइया घाट स्थित यमुना तट पर सघन सफाई अभियान चलाया। तीन इकाइयों के स्वयंसेवकों ने बैकुंठधाम पोइया घाट पर स्वच्छता अभियान चलाने के साथ वहां लगे पौधों की गुड़ाई की और पर्यावरण संरक्षण व सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता का संदेश दिया।
वहीं शेष तीन एनएसएस इकाइयों के स्वयंसेवकों ने बसेरा गांव में स्वच्छता अभियान संचालित किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों व सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए घर-घर जनसंपर्क किया तथा नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक कर इससे दूर रहने का आह्वान किया।
इस तरह डीईआई के 532वें चिकित्सा एवं सहायता शिविर और एनएसएस के विशेष शिविर के जरिए स्वास्थ्य, पोषण, कौशल विकास, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का समन्वित संदेश समाज तक पहुंचाया गया।


