मुंबई/नागपुर: आधुनिक भारत में ‘लग्जरी’ की परिभाषा अब केवल महंगे पतों और आलीशान मकानों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह एक विशिष्ट और संतुलित जीवनशैली का प्रतीक बनती जा रही है। इसी बदलती सोच को मूर्त रूप देने के लिए देश के नामचीन रियल एस्टेट ग्रुप हीरानंदानी कम्युनिटीज (Hiranandani Communities) और क्रिसला डेवलपर्स (Chrisla Developers) ने नागपुर में एक विश्वस्तरीय ‘गोल्फ लाइफस्टाइल टाउनशिप’ (Golf Lifestyle Township) विकसित करने का बड़ा ऐलान किया है।
लगभग 2,100 करोड़ रुपये की संभावित राजस्व क्षमता वाला यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट नागपुर के प्रीमियम रियल एस्टेट बाजार की तस्वीर बदलने का दम रखता है।
51 अल्ट्रा-लग्जरी प्लॉट्स, विला और नियो-क्लासिकल वास्तुकला
यूरोपीय नियो-क्लासिकल वास्तुकला (Neo-Classical Architecture), विशाल प्राकृतिक हरियाली और एक शानदार गोल्फ कोर्स के आकर्षण से सजी इस टाउनशिप में 51 बेहद खास और अल्ट्रा-लग्जरी प्लॉट्स विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा, परियोजना में आधुनिक सुविधाओं से लैस टाउनहाउस और विला का निर्माण भी किया जाएगा। यह टाउनशिप विशेष रूप से उन खरीदारों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है, जो अपने घर में गोपनीयता (Privacy), खुला स्थान और एक एलीट क्लास जीवनशैली की चाह रखते हैं।
समृद्धि एक्सप्रेसवे, मेट्रो और मिहान बने ग्रोथ के इंजन
प्रोजेक्ट की घोषणा करते हुए हीरानंदानी कम्युनिटीज के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. निरंजन हीरानंदानी ने कहा “समृद्धि एक्सप्रेसवे (Samruddhi Expressway), नागपुर मेट्रो और मिहान (MIHAN) की वजह से नागपुर में कमर्शियल और रेजिडेंशियल रियल एस्टेट की मांग में अप्रत्याशित वृद्धि देखी जा रही है। यह मेगा प्रोजेक्ट न केवल लग्जरी हाउसिंग की कमी को पूरा करेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था में नए रोजगार, प्रत्यक्ष निवेश और सामाजिक बुनियादी ढांचे (Social Infrastructure) को भी मजबूती देगा।”
वहीं, क्रिसला डेवलपर्स के मैनेजिंग डायरेक्टर आकाश अग्रवाल ने कहा “नागपुर जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में प्रवेश करना हमारी दीर्घकालिक व्यावसायिक रणनीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। हमारा उद्देश्य नागपुर में गुणवत्ता, बेजोड़ डिजाइन और ग्राहकों की अपेक्षाओं के अनुरूप एक लैंडमार्क लाइफस्टाइल प्रोजेक्ट तैयार करना है।”
रियल एस्टेट दिग्गजों की यह बड़ी साझेदारी नागपुर को मध्य भारत में प्रीमियम और अल्ट्रा-लग्जरी आवासीय विकास के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
-अनिल बेदाग
