साहित्यिक धरोहर को सम्मान: आगरा के राजामंडी मेट्रो स्टेशन का नाम बाबू गुलाब राय के नाम पर रखने की मांग, संस्थान ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की

विविध

आगरा: प्रख्यात साहित्यकार बाबू गुलाब राय की स्मृतियों को संजोने और उनके योगदान को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से बाबू गुलाब राय स्मृति संस्थान ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। दिल्ली गेट स्थित एमिनेंट होटल में आयोजित आम बैठक में संस्थान ने न केवल अपने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की, बल्कि आगरा में साहित्यिक गतिविधियों को विस्तार देने के लिए कई बड़े फैसले भी लिए।

राजामंडी मेट्रो स्टेशन का नाम बदलने की मांग

संस्थान ने साहित्य जगत के मूर्धन्य हस्ताक्षर बाबू गुलाब राय के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए राजामंडी मेट्रो स्टेशन का नाम उनके नाम पर रखने की मांग की है। इस आशय का एक प्रस्ताव पत्र मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल को सौंपा गया, ताकि शासन स्तर पर इस मांग को उचित स्थान मिल सके।

शोधार्थियों के लिए छात्रवृत्ति और पुरस्कारों का सिलसिला

बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णयों के तहत, देश के किसी एक हिंदी शोधार्थी को बाबू गुलाब राय के व्यक्तित्व और कृतित्व पर शोध के लिए संस्थान द्वारा छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसके साथ ही, आगरा और बनारस के हिंदी के मेधावी विद्यार्थियों को पूर्ववत पुरस्कार राशि प्रदान करने का निर्णय भी यथावत रखा गया है। संस्थान इस वर्ष बाबू गुलाब राय पर आधारित एक स्मारिका का प्रकाशन भी करेगा, जो आगामी छह माह में पाठकों के समक्ष होगी।

बनारस की तर्ज पर आगरा में बनेगा ‘ठलुआ क्लब’

बैठक की सबसे अनूठी घोषणा बनारस की तर्ज पर आगरा में ‘ठलुआ क्लब’ की स्थापना रही। उल्लेखनीय है कि बाबू गुलाब राय ने बनारस में इस क्लब की नींव रखी थी। अब आगरा में भी साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों और संस्कृतिकर्मियों को एक मंच प्रदान करने के लिए इस क्लब को सक्रिय किया जाएगा। इसके बैनर तले आगामी होली पर एक विशेष सांस्कृतिक आयोजन करने का भी निर्णय लिया गया है।

​नई कार्यकारिणी का गठन

बैठक में सर्वसम्मति से संस्था की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई:

अध्यक्ष: डॉ. शशि तिवारी
​महामंत्री: डॉ. तरुण शर्मा
​संरक्षक: डॉ. एसपी सिंह, वसुधा गुप्ता, डॉ. गिरधर शर्मा, डॉ. राजेंद्र मिलन
​उपाध्यक्ष: इंजीनियर राकेश कुमार, सुबोध शंकर, आदर्श नंदन गुप्त
​मंत्री: संजय राय, डॉ. महेश धाकड़, शरद गुप्त
​कोषाध्यक्ष: विजित गुप्ता

​कार्यकारिणी सदस्यों में डॉ. वेद त्रिपाठी, अम्बरीष पटेल, डॉ. दीपशिखा, डॉ. सुनीता शर्मा, संजय गुप्त और डॉ. यशोयश को शामिल किया गया है। अंत में, डॉ. शशि तिवारी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए संस्थान के उद्देश्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने का संकल्प लिया।