वृष राशि में उदय हुए बुध, अर्थव्यवस्था में सुधार के आसार

Religion/ Spirituality/ Culture

बुध 23 जून से मार्गी हो गया है यानी सीधी चाल से चलने लगा है। साथ ही आज यानी 27 जून को बुध ग्रह उदय हो गया है। इसका असर सभी राशियों पर पड़ेगा। शुक्र की राशि में बुध का उदय होने से कन्या और मिथुन राशि के लोगों के लिए उन्नति और नए मौके मिलने का समय रहेगा। जुलाई में बुध के साथ शुक्र और सूर्य की युति भी बनेगी। ये स्थिति कई लोगों के लिए शुभ रहेगी। बुध को ग्रहों का राजकुमार माना गया है। इसलिए इसका शुभ प्रभाव सरकार और प्रशासन पर भी पड़ेगा।

देश की अर्थव्यवस्था में सुधार

वृष राशि में बुध का उदय और मार्गी चाल के साथ ही राहु की युति भी बन रही है। इसलिए आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। शेयर मार्केट और खरीदारी बढ़ेगी। बुध और शुक्र के इस योग के प्रभाव से देश की अर्थव्यवस्था में सुधार होने के योग बनेंगे। इस स्थिति के प्रभाव से अच्छी बारिश के साथ ही फसल और धान्य अच्छा होने का संकेत मिल रहा है। इस ग्रह के शुभ प्रभाव से स्टूडेंट्स के लिए अच्छा समय रहेगा।

इनके लिए शुभ

बुध के प्रभाव से मेष राशि वालों को फायदे के मौके मिलेंगे। वृष राशि वाले लोगों के पारिवारिक सामंजस्य में वृद्धि होगी। मिथुन राशि वालों को धन लाभ होगा। कर्क राशि वालों की जॉब और बिजनेस में तरक्की होगी। कन्या राशि वालों का प्रमोशन हो सकता है और इनकम भी बढ़ेगी।

तुला राशि वाले लोगों के कार्य में भी उन्नति होगी। वृश्चिक राशि वाले लोगों का भाग्योदय हो सकता है। मकर राशि वाले लोगों के मांगलिक काम पूरे होंगे और मीन राशि वाले लोगों को संतान लाभ होने के योग बन रहे हैं।

ये रहें संभलकर

बुध की चाल में बदलाव होने से सिंह राशि वाले लोगों के खर्चे बढ़ सकते हैं। धनु और कुंभ राशि वाले लोगों की सेहत में उतार-चढ़ाव आ सकते हैं। साथ ही प्रॉपर्टी संबंधी कागजी कामों में भी गड़बड़ हो सकती है जिससे नुकसान होने की आशंका बन रही है।