राजभवनों में महा-उलटफेर: तरनजीत सिंह संधू बने दिल्ली के नए LG, वीके सक्सेना भेजे गए लद्दाख

National

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने देश के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के राज्यपालों व उप-राज्यपालों (LG) की नियुक्तियों में बड़ा फेरबदल किया है। इस फेरबदल में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव देश की राजधानी दिल्ली और सामरिक रूप से महत्वपूर्ण लद्दाख में देखने को मिला है। पूर्व राजनयिक तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया उप-राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जबकि वीके सक्सेना अब लद्दाख की जिम्मेदारी संभालेंगे।

दिल्ली और लद्दाख में बड़ा बदलाव

दिल्ली के उप-राज्यपाल के रूप में लंबा कार्यकाल पूरा करने वाले वीके सक्सेना को अब लद्दाख का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। उनकी जगह अमेरिका में भारत के पूर्व राजदूत रहे तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली की कमान सौंपी गई है। संधू के अनुभव को देखते हुए दिल्ली के प्रशासनिक कार्यों में नई गति आने की उम्मीद है।

​इन राज्यों के राज्यपालों को दिया प्रभार

​सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार, कई वरिष्ठ नेताओं और पूर्व सैन्य अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं:

तरनजीत सिंह संधु को दिल्ली का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

शिव प्रताप शुक्ला को तेलंगाना का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वे हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल हैं।

तेलंगाना के राज्यपाल जिश्नु देव वर्मा को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

नंद किशोर यादव को नगालैंड का राज्यपाल बनाया गया है।

लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया।

तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि अब से पश्चिम बंगाल के नए राज्यपाल होंगे।

केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर तमिलनाडु के राज्यपाल का काम संभालेंगे।

लद्दाख के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

दिल्ली के राज्यपाल वीके सक्सेना को लद्दाख का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

पश्चिम बंगाल और बिहार पर नजर

​पश्चिम बंगाल में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच आर.एन. रवि की नियुक्ति को काफी अहम माना जा रहा है। वे सीवी आनंद बोस की जगह लेंगे। वहीं बिहार में लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन की नियुक्ति ने सबको चौंकाया है। रक्षा और सुरक्षा मामलों के जानकार हसनैन की नियुक्ति बिहार के सीमावर्ती सुरक्षा और प्रशासनिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

​अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियां

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला को अब तेलंगाना भेजा गया है, जबकि तेलंगाना के राज्यपाल जिश्नु देव वर्मा को महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्य की जिम्मेदारी दी गई है। नगालैंड में नंद किशोर यादव को नया राज्यपाल नियुक्त कर पूर्वोत्तर की राजनीति को साधने की कोशिश की गई है।