आगरा कॉलेज में गूंजा ‘वंदे मातरम’: ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर एनसीसी कैडेट्स ने जगाया राष्ट्रभक्ति का जज्बा

स्थानीय समाचार

आगरा: देशभक्ति के जोश और सैन्य गौरव के साथ मंगलवार को आगरा कॉलेज की एनसीसी गर्ल्स विंग ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रथम वर्षगांठ को बेहद गौरवमयी अंदाज में मनाया। 1 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी के बैनर तले आयोजित इस समारोह में कैडेट्स ने अपनी ऊर्जा और अनुशासन से पूरे शहर में राष्ट्रसेवा का संदेश प्रसारित किया। तिरंगा रैली, ध्वजारोहण और सैन्य अधिकारियों के साथ ‘शौर्य संवाद’ इस पूरे आयोजन के मुख्य आकर्षण रहे।

​तिरंगा चौक पर गूंजे शौर्य के किस्से

खेरिया मोड़ स्थित तिरंगा चौक पर आयोजित ‘शौर्य संवाद’ के दौरान माहौल पूरी तरह सैन्यमय हो गया। इस खास सत्र में फ्लाइंग कमांडो उमा फौजदार, चीफ पेटी ऑफिसर तेज सिंह और वारंट ऑफिसर योगेश कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। सैन्य दिग्गजों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि युद्ध केवल हथियारों से नहीं, बल्कि अदम्य साहस और जीतने की प्रबल इच्छाशक्ति से जीते जाते हैं। उन्होंने छात्राओं को एसएसबी और एनडीए जैसी परीक्षाओं के जरिए देश की रक्षा सेवाओं में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।

​तिरंगा रैली और शपथ ग्रहण

कैप्टन रीता निगम के नेतृत्व में 40 सीनियर विंग कैडेट्स ने एक विशाल तिरंगा रैली निकाली। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए छात्राओं ने जब “देश का बल—सैनिक का बल” के नारे लगाए, तो पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो उठा। इसके बाद तिरंगा चौक पर ध्वजारोहण किया गया और कैडेट्स ने राष्ट्र की अखंडता व संप्रभुता की रक्षा के लिए सामूहिक शपथ ली।

​डिजिटल माध्यम से भी दिखी देशभक्ति

इस आयोजन की खास बात ‘डिजिटल जागरूकता अभियान’ रही। कैप्टन रीता निगम ने सोशल मीडिया पर ऑपरेशन सिंदूर का आधिकारिक लोगो लगाकर ‘लीड फ्रॉम द फ्रंट’ की मिसाल पेश की। उनके आह्वान पर सभी कैडेट्स ने अपनी प्रोफाइल अपडेट कर डिजिटल दुनिया में भी राष्ट्रभक्ति का ज्वार जगा दिया। सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों के मार्गदर्शन और कैडेट्स के उत्साह ने इस आयोजन को आगरा कॉलेज के इतिहास का एक यादगार पन्ना बना दिया।