नई दिल्ली/लखनऊ। राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट’ में शुक्रवार को उस वक्त भारी हंगामा हो गया, जब इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा घेरा तोड़कर परिसर के भीतर विरोध प्रदर्शन किया। इस घटना ने न केवल समिट की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं, बल्कि देश में एक बड़ा सियासी विवाद भी खड़ा कर दिया है।
समिट में गूंजे ‘PM is Compromised’ के नारे
जानकारी के अनुसार, जब समिट में 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि और दिग्गज मौजूद थे, तभी यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता अचानक बैनर-पोस्टर लेकर मुख्य हॉल के करीब पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ ‘PM is Compromised’ के नारे लगाए। अचानक हुए इस प्रदर्शन से विदेशी मेहमानों के बीच हड़कंप मच गया। सुरक्षाकर्मियों ने आनन-फानन में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बाहर निकाला।
सीएम योगी का तीखा हमला: ‘अराजकता फैलाना चाहती है कांग्रेस’
इस घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे देश की छवि खराब करने की अंतरराष्ट्रीय साजिश करार दिया। सीएम योगी ने कहा, “दुनिया भर में भारत की इमेज खराब करने की यह एक शर्मनाक कोशिश है। जब 100 से ज्यादा देशों के लोग यहाँ मौजूद हैं, तब कांग्रेस अफ़रा-तफ़री मचाकर अराजकता फैलाना चाहती है। ये लोग देश की कीमत पर राजनीति कर रहे हैं।” उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

