आखिर क्‍यों बेअसर हैं रूस पर लगा आर्थिक प्रतिबंध

अन्तर्द्वन्द

रूस के सप्लाई कम करने से इस सप्ताह प्राकृतिक गैस के मूल्य 20% बढ़े हैं। जाहिर है, प्रतिबंध के हथियार में खामियां हैं। टेक्नोलॉजी तक पहुंच रोकने का प्रभाव कई वर्ष में नजर आता है। तानाशाही सरकारें साधन जुटाने की वजह से प्रारंभिक दौर में प्रतिबंध सहन कर लेती हैं। सबसे बड़ी खामी है कि 100 से अधिक देशों ने पूर्ण या आंशिक प्रतिबंध लागू नहीं किए हैं। रूसी तेल की सप्लाई एशिया में हो रही है। दुबई में रूसी पैसा जमकर आ रहा है। मास्को के लिए एमीरेट्स और अन्य एयरलाइंस की उड़ानें हर दिन उपलब्ध हैं।

बड़े और मजबूत तानाशाह देश चीन का सामना प्रतिबंधों से करना तो और ज्यादा मुश्किल होगा। ताइवान पर हमला रोकने के लिए पश्चिमी देश चीन के 239 लाख करोड़ रुपए कैश को जाम कर सकते हैं। उसके बैंकों पर रोक लगा सकते हैं। लेकिन रूस के समान चीन की अर्थव्यवस्था भी नहीं ढहेगी। जबकि चीन की बदले की कार्यवाही से कई देशों में जरूरी सामान की कमी हो जाएगी। चीन पश्चिमी देशों को इलेक्ट्रॉनिक्स, बैटरियों और दवाइयों सहित अन्य सामान की सप्लाई बंद कर देगा। यूक्रेन युद्ध का सबक है कि आक्रामक तानाशाह सरकारों का मुकाबला करने के लिए सैनिक सहित कई मोर्चों पर कार्रवाई जरूरी है। अच्छी खबर है कि हमले के 180 दिन बाद यूक्रेन में हथियारों की सप्लाई बढ़ी है। यूरोप गैस के नए स्रोतों की तलाश कर रहा है। अमेरिका चीनी टेक्नोलॉजी पर निर्भरता घटा रहा है। ताइवान को अपनी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने कहा गया है। वहीं चीन सहित अन्य तानाशाह देश भी रूस से चल रही आर्थिक प्रतिबंधों की लड़ाई का अध्ययन कर कुछ सबक सीख रहे हैं।

पाबंदी के नतीजे तीन से पांच साल में आएंगे

रूस पर प्रतिबंधों के नतीजे तीन से पांच साल में सामने आएंगे। 2025 तक कलपुर्जों की कमी के कारण 20% विमान उड़ने लायक नहीं रह जाएंगे। टेलीकॉम नेटवर्क के अपग्रेड में देर होगी। लोगों को पश्चिमी ब्रांड नहीं मिलेंगे। पश्चिमी देशों की कार फैक्टरियों, मेकडॉनल्ड के स्टोर जैसी चीजों पर कब्जा होने से सरकार समर्थक पूंजीपति मजबूत होंगे। देश के चीन का पिछलग्गू बनने और तानाशाही बढ़ने से असंतुष्ट कुछ प्रतिभाशाली लोग रूस छोड़ सकते हैं। प्रतिबंधों का रूस पर बहुत नुकसानदेह प्रभाव दिखाई नहीं पड़ा है। दूसरी ओर तेल, गैस, कोयला की बिक्री से इस साल रूस को 21 लाख करोड़ रुपए की अतिरिक्त आय होगी।

-एजेंसी