केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार में सांप्रदायिक हिंसा पर चिंता जताई

National

गृह मंत्री ने बिहार के राज्यपाल से बात की और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने राज्य में हिंसा पर चिंता भी व्यक्त की। ऐसी जानकारी है कि राज्यपाल ने शाह को राज्य में मौजूदा हालात की जानकारी दी।

गौरतलब है कि रामनवमी पर निकाली गई शोभा यात्रा के दौरान बिहार के सासाराम और बिहार शरीफ में सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी थी। पुलिस ने सासाराम और बिहार शरीफ में सांप्रदायिक हिंसा के संबंध में शनिवार तक 45 लोगों को गिरफ्तार किया था। दोनों शहरों में सांप्रदायिक हिंसा में कई वाहनों, मकानों और दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया था। हिंसा में कई लोग घायल हुए थे।

सासाराम में जिला प्रशासन ने फिर से झड़प होने के बाद शुक्रवार दोपहर को निषेधाज्ञा आदेश लागू कर दिया था। यही नहीं, गृह मंत्री ने रविवार को सासाराम का अपना प्रस्तावित दौरा रद्द कर दिया था।

भाजपा के प्रदेश प्रमुख सम्राट चौधरी ने मौर्य राजवंश के सम्राट अशोक की जयंती का जश्न मनाने के लिए सासाराम में प्रस्तावित कार्यक्रम के रद्द होने के लिए बिहार की नीतीश कुमार सरकार को जिम्मेदार ठहराया था। शाह निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार को नवादा में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

Compiled: up18 News