​’गरम माहौल’ से बॉलीवुड में बढ़ी हलचल: खूंखार ‘डॉन’ के रूप में दिखेंगे एहसान खान, ट्रेलर ने मचाया धमाल

Entertainment

​मुंबई (अनिल बेदाग): बॉलीवुड में एक्शन और रोमांच का पारा चढ़ाने के लिए डायरेक्टर राजुल आलम की नई हिंदी फीचर फिल्म ‘गरम माहौल’ तैयार है। मुंबई के इंपा (IMPAA) थिएटर में फिल्म का पोस्टर और ट्रेलर एक भव्य समारोह में लॉन्च किया गया। इस मौके पर दिग्गज अभिनेता एहसान खान, नाफे खान और गायिका दीपा नारायण झा सहित पूरी स्टारकास्ट ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। ट्रेलर और गानों की पहली झलक ने ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है।

​खतरनाक ‘विष्णु रँगा’ का अवतार:

फिल्म का मुख्य आकर्षण एहसान खान का किरदार है। उन्होंने बताया, “फिल्म में मैं डॉन विष्णु रँगा की भूमिका में हूँ, जो बेहद खतरनाक और प्रभावशाली है। ट्रेलर में जो ऊर्जा दिख रही है, वही फिल्म की जान है।” फिल्म में उनके नेगेटिव शेड्स दर्शकों को एक अलग अनुभव देंगे।

​मनोरंजन के साथ सामाजिक संदेश:

निर्देशक राजुल आलम ने बताया कि ‘गरम माहौल’ केवल एक मसाला फिल्म नहीं है, बल्कि इसमें एक गहरा संदेश भी छिपा है। उन्होंने कलाकारों के अभिनय की तारीफ करते हुए कहा कि हर किरदार को बड़ी संजीदगी से गढ़ा गया है। ‘लिटिल स्टेप आर्ट’ के बैनर तले बनी इस फिल्म के सह-निर्माता विक्रांत वाधवा और राहुल जाटव हैं।

सुरों का जादू:

फिल्म का संगीत राज सेन और इकबाल सरगम ने तैयार किया है। खास बात यह है कि फिल्म के गीतों को अल्का याग्निक, ऋतु पाठक और दीपा नारायण झा जैसे नामचीन गायकों ने अपनी आवाज दी है, जो पहले ही चर्चा का विषय बने हुए हैं।