​MP Fire News: राजगढ़ में पेट्रोल पंप पर तांडव, बाइक से टैंकर तक फैली आग; 12 लोग झुलसे, 12 बाइक-टैंकर जलकर खाक, मची चीख-पुकार

Regional

भोपाल/राजगढ़: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले का पचोर शहर सोमवार की रात उस वक्त दहल गया, जब शहर के व्यस्त इलाके में स्थित एक पेट्रोल पंप अचानक ‘आग का दरिया’ बन गया। चुन्नालाल-मुन्नालाल भारत पेट्रोलियम पंप पर हुई इस भीषण घटना में 12 लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्होंने वहां खड़े एक पेट्रोल टैंकर और 12 मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया, जो देखते ही देखते राख के ढेर में तब्दील हो गए।

एक छोटी सी चिंगारी और फिर तबाही

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह खौफनाक मंजर रात करीब 8:30 बजे शुरू हुआ। पंप पर वाहनों की भारी भीड़ थी। तभी एक बाइक सवार पेट्रोल भरवाकर जैसे ही आगे बढ़ा, उसकी गाड़ी में अचानक आग लग गई। डर के मारे युवक बाइक छोड़कर भाग निकला, लेकिन ढलान की वजह से जलती हुई बाइक लुढ़कती हुई सीधे पास खड़े पेट्रोल टैंकर से जा टकराई। फिर क्या था, एक धमाके के साथ आग ने विकराल रूप ले लिया।

अफरा-तफरी और रेस्क्यू ऑपरेशन

आग लगते ही पेट्रोल पंप परिसर में भगदड़ मच गई। लोग अपनी गाड़ियां छोड़कर जान बचाने के लिए भागने लगे। कुछ जांबाज कर्मचारियों ने फायर सेफ्टी उपकरणों से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन लपटें आसमान छू रही थीं। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका, जिससे एक बड़ा विस्फोट होने से टल गया।

घायलों की स्थिति

इस हादसे में पुरानी पचोर के रहने वाले बलराम गुर्जर सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें इंदौर रेफर किया गया है। अन्य 11 घायलों का इलाज पचोर, शाजापुर और निजी अस्पतालों में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के तकनीकी कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों और दुकानदारों में भारी दहशत व्याप्त है।