ट्रंप प्रशासन का ‘सेल्फ-डिपोर्टेशन’ दांव: भारतीयों को अमेरिका छोड़ने पर 2600 डॉलर और फ्री टिकट का ऑफर, विज्ञापन में ‘ताजमहल’ देख भड़के लोग

INTERNATIONAL

वॉशिंगटन: अमेरिका में ट्रंप प्रशासन ने अवैध प्रवासियों को देश से बाहर निकालने के लिए एक अनोखा और विवादित ‘सेल्फ-डिपोर्टेशन’ (स्वेच्छा से देश छोड़ना) अभियान शुरू किया है। इस योजना के तहत स्वेच्छा से अमेरिका छोड़ने वाले भारतीय प्रवासियों को न केवल मुफ्त हवाई टिकट दिया जाएगा, बल्कि 2600 डॉलर (करीब 2.20 लाख रुपये) का नकद प्रोत्साहन भी मिलेगा। हालांकि, अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट (DHS) द्वारा इस अभियान के प्रचार के लिए ‘ताजमहल’ की तस्वीर का इस्तेमाल करने पर विवाद खड़ा हो गया है, जिसे भारतीय समुदाय ने अपमानजनक बताया है।

क्या है ‘CBP होम’ प्रोग्राम और बोनस का गणित?

होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट (DHS) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस योजना की घोषणा की। प्रशासन का कहना है कि जो प्रवासी अवैध रूप से रह रहे हैं, वे CBP Home मोबाइल ऐप के जरिए खुद को डिपोर्ट करने का विकल्प चुन सकते हैं।

प्रवासियों को मिलने वाले 4 बड़े ‘ऑफर’:

​नकद और टिकट: घर लौटने के लिए मुफ्त फ्लाइट टिकट और 2600 डॉलर का ‘एग्जिट बोनस’ मिलेगा।

​कानूनी रियायत: स्वेच्छा से जाने वालों को हिरासत में लेने या उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने में इमिग्रेशन विभाग कम प्राथमिकता देगा।

​सम्मानजनक विदाई: बिना किसी गिरफ्तारी या रोक-टोक के प्रवासी एक सामान्य यात्री की तरह अपने देश लौट सकेंगे।

​जुर्माना माफी: अमेरिका न छोड़ने के कारण लगे पुराने नागरिक जुर्माने (Civil Penalties) पूरी तरह माफ कर दिए जाएंगे।

विज्ञापन के तरीके पर छिड़ा विवाद

अमेरिकी गृह विभाग ने भारतीय प्रवासियों को लुभाने के लिए भारत की पहचान ‘ताजमहल’ की तस्वीर का इस्तेमाल किया है। इसी तरह चीन और कोलंबिया के प्रवासियों के लिए भी उनके सांस्कृतिक प्रतीकों का उपयोग किया गया है।

आलोचकों का कहना है कि प्रवासियों को उनके देश वापस भेजने के लिए राष्ट्रीय प्रतीकों का इस्तेमाल करना ‘घटिया और असंवेदनशील’ तरीका है।

​इन देशों पर है ट्रंप प्रशासन की नजर

इस योजना में फिलहाल भारत, चीन और कोलंबिया के प्रवासियों को मुख्य रूप से निशाना बनाया गया है। ट्रंप प्रशासन का मानना है कि जबरन डिपोर्ट करने की लंबी और खर्चीली कानूनी प्रक्रिया से बचने के लिए यह ‘सुरक्षित और व्यवस्थित’ विकल्प है।