आगरा: इस बार धूमधाम से लगेगा राजेश्वर महादेव मंदिर का मेला, विपुल शर्मा चुने गए अध्यक्ष

विविध

आगरा: राजेश्वर महादेव मंदिर का मेला फिर लगने जा रहा है। कोरोना संक्रमण के बाद पहली बार इस मेले की शुरुआत हो रही है। मेला भव्य तरीके से हो सके, इसके लिए राजेश्वर मंदिर ट्रस्ट की ओर से राजेश्वर मंदिर मेला कमेटी के अध्यक्ष की घोषणा कर दी गई है। इस बार मेला कमेटी के अध्यक्ष विपुल शर्मा होंगे। इसको लेकर राजेश्वर महादेव मंदिर पर एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

राजेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि मेला कमेटी के अध्यक्ष पद के लिए 2 दावेदारों ने अपना नाम दिया था। ट्रस्ट के पदाधिकारियों की ओर से वोटिंग कराई गई थी। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने विपुल शर्मा के पक्ष में वोट किए थे। इसके बाद विपुल शर्मा राजेश्वर मंदिर मेला कमेटी 2022 के अध्यक्ष चुने गए हैं।

विपुल शर्मा के राजेश्वर मंदिर मेला कमेटी 2022 के अध्यक्ष चुने जाने के बाद ट्रस्ट के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। माला पहनाकर उन्हें अध्यक्ष पद चुने जाने पर बधाई दी। विपुल शर्मा ने बताया कि उनकी प्राथमिकता रहेगी कि कोरोना वायरस के बाद पहली बार यह मेला आयोजित हो रहा है। मेला भव्य तरीके से हो और किसी भक्त को परेशानी न हो, इसको लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम अधिकारियों से मुलाकात की जाएगी। ताकि व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा सके।

राजेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष डीके वशिष्ट ने बताया कि पिछले 2 सालों से राजेश्वर महादेव मंदिर पर मेला कोरोना वायरस के कारण नहीं लग सका है। इस बार भक्तों में अलग ही उत्साह है। व्यवस्थाएं दुरुस्त हों, इसके लिए अभी से राजेश्वर मंदिर मेला कमेटी 2022 के अध्यक्ष का चुनाव संपन्न करा दिया गया है।

इस दौरान उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश, पप्पू ठाकुर, विमल तिवारी, तपन पचौरी, प्रवेंद्र पंडित, रूपेश पुजारी, श्रीनिवास शास्त्री, जयंती उपाध्याय, राम तिवारी, जितेंद्र उपाध्याय, महंत मंगल स्वामी आशीष पाठक गोस्वामी, राज बहादुर उपाध्याय, रवि सैंथिया सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।