शेयर बाजार में आज फिर आया भूचाल, गिरावट के साथ बंद हुआ बाजार

Business

निवेशकों को हुआ भारी नुकसान

शेयर बाजार में गिरावट के बीच आज निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैप में भी गिरावट देखी गई है। आज सुबह सेंसेक्स करीब 700 अंकों तक टूट गया था। इस दौरान निवेशकों को सुबह कुछ ही घंटों में 1.77 लाख करोड़ का नुकसान उठाना पड़ा है।

इस सप्ताह की शुरुआत में बाजार में गिरावट रही थी। बाजार लगातार गिर रहा था। कल यानी बुधवार को बाजार में तेजी देखने को मिली थी। बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ था। वहीं आज गणतंत्र दिवस से पहले बाजार में फिर से बड़ी गिरावट देखी गई है।

टेक महिंद्रा में सबसे ज्यादा गिरावट

सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा छह प्रतिशत से अधिक नीचे आया। कंपनी का दिसंबर तिमाही में शुद्ध लाभ 60 प्रतिशत घटकर 510.4 करोड़ रुपये रहने की सूचना के बाद इसका शेयर नीचे आया है। इसके अलावा भारती एयरटेल, आईटीसी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एशियन पेंट्स, विप्रो, एचडीएफसी बैंक, नेस्ले, टाटा स्टील, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और मारुति भी प्रमुख रूप से नुकसान में रही हैं।

दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में एनटीपीसी, आईसीआईसीआई बैंक, इंडसइंड बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, जेएसडब्ल्यू स्टील, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व और महिंद्रा एंड महिंद्रा शामिल हैं।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार में बुधवार को मिला-जुला रुख रहा।

-एजेंसी