सफेद चादर में ‘गुम’ हुआ सातवां अजूबा, घने कोहरे ने छिपाई ताजमहल की खूबसूरती, सैलानी हुए मायूस

Regional

आगरा। ताजनगरी में मंगलवार की सुबह मौसम के मिजाज ने दुनिया के सातवें अजूबे ‘ताजमहल’ का दीदार करने आए हजारों पर्यटकों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। घने कोहरे के कारण संगमरमरी स्मारक पूरी तरह सफेद चादर में लिपटा नजर आया, जिससे देश-विदेश से आए सैलानियों को भारी मायूसी का सामना करना पड़ा।

​रॉयल गेट से भी नहीं दिखा दीदार

सुबह दृश्यता (Visibility) इतनी कम थी कि मुख्य परिसर में प्रवेश करने के बाद भी सैलानियों को ताज का गुंबद तक नजर नहीं आया। स्थिति यह थी कि रॉयल गेट, जहाँ से ताज का सबसे सुंदर नजारा दिखता है, वहाँ से भी सिर्फ कोहरे की दीवार दिखाई दे रही थी। घंटों इंतजार के बाद भी जब कोहरा नहीं छंटा, तो कई पर्यटक बिना फोटो खिंचवाए ही बाहर निकल आए।

​पर्यटकों का छलका दर्द

दिल्ली से आईं कल्पना चोपड़ा ने अपना दुख साझा करते हुए कहा, “हम सुबह 9 बजे आए थे ताकि अच्छी फोटोग्राफी कर सकें, लेकिन यहां 10 फीट दूर का भी कुछ नहीं दिख रहा। हमारा समय और पैसा दोनों बर्बाद हो गया।” ​राजस्थान की बीना ने बताया कि उनका सपना सूर्योदय के साथ ताज देखना था, लेकिन 10 बजे तक कोहरे ने ताज को अपनी आगोश में लिए रखा।

गाइड और फोटोग्राफर भी रहे खाली हाथ

​पर्यटकों की संख्या कम रहने और दृश्यता शून्य होने के कारण स्थानीय गाइडों और फोटोग्राफरों का काम भी ठप रहा। फोटो शूट का मजा किरकिरा होने की वजह से कई पर्यटकों ने अपने टूर प्लान तक निरस्त कर दिए। हालांकि, दोपहर बाद जब धूप खिली और स्थिति सामान्य हुई, तब जाकर पर्यटकों की संख्या में कुछ इजाफा हुआ।