मुंबई (अनिल बेदाग): सिनेमा के पर्दे पर जब-जब सच्ची घटनाओं और सामाजिक सरोकारों की कहानियाँ उतरी हैं, दर्शकों ने उन्हें सिर-आंखों पर बिठाया है। इसी कड़ी में लेखक और निर्देशक मनोज त्रिपाठी की बहुप्रतीक्षित क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘दबिश’ आगामी 3 अप्रैल 2026 को देश भर के सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह फिल्म भ्रष्ट व्यवस्था, राजनीति और पुलिस के बीच पनपते काले गठजोड़ के खिलाफ एक ईमानदार अधिकारी के संघर्ष की रौंगटे खड़े कर देने वाली दास्तां है।
डीएसपी रुद्र बनाम दबंग भानु यादव की टक्कर
फिल्म की कहानी डीएसपी रुद्र के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिसे अभिनेता आमिर मलिक ने जीवंत किया है। रुद्र एक ऐसा जांबाज अफसर है जिसका सामना पहले ही दिन सिस्टम की कड़वी सच्चाई से होता है। कहानी तब मोड़ लेती है जब एक पीड़ित महिला सुगनी देवी अपने पति की हत्या और बाद में बेटी के अपहरण की शिकायत लेकर आती है। इस बार आरोपी कोई साधारण अपराधी नहीं, बल्कि प्रभावशाली विधायक का बेटा भानु यादव (अनंत सारस्वत) है। भानु का किरदार पर्दे पर एक बेहद खौफनाक और दबंग खलनायक के रूप में उभरता है, जो रुद्र की ईमानदारी की कड़ी परीक्षा लेता है।
भावनात्मक गहराई और मंझे हुए कलाकारों की फौज
फिल्म में कल्पना सैनी ने रुद्र की पत्नी की भूमिका निभाई है, जो कहानी के तनावपूर्ण माहौल के बीच भावनात्मक संबल प्रदान करती हैं। ‘दबिश’ की मजबूती इसकी स्टार कास्ट भी है, जिसमें राम सुजान सिंह, निलोफर, डिम्पी मिश्रा, देव श्रीचंदन, शेखर झा, प्रथम शर्मा, विनोद नाहरडीह, अभिनव गोस्वामी, वर्षा धगट, रूपा सेडगुलकर और साक्षी प्रजापति जैसे प्रतिभाशाली कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं।
सिनेमैटोग्राफी और संगीत का जादू
निर्देशक मनोज त्रिपाठी ने फिल्म के विजुअल्स पर विशेष ध्यान दिया है। फिल्म की शूटिंग बरेली की गलियों, अल्मोड़ा की वादियों और मुंबई की हलचल भरी लोकेशन्स पर की गई है। इसके साथ ही फिल्म में तीन सुरीले गाने शामिल हैं, जो कहानी की रफ़्तार के साथ-साथ दर्शकों के दिलों को भी छूने का वादा करते हैं।
निर्देशक का अनुभव और विजन
टीवी शो ‘अग्नि परीक्षा’ से अपने करियर की शुरुआत करने वाले मनोज त्रिपाठी का लंबा अनुभव ‘दबिश’ के हर फ्रेम में झलकता है। उनके निर्देशन में बनी यह फिल्म केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि दर्शकों को सिस्टम की खामियों पर सोचने के लिए भी मजबूर करेगी। ‘दबिश’ न्याय की उम्मीद और बुराई के खिलाफ खड़े होने की हिम्मत की एक शानदार सिनेमाई प्रस्तुति होने वाली है।

