आगरा। “ऐसा चाहूं राज में, जहां मिले सबन को अन्न,” संत शिरोमणि श्री रविदास महाराज जी के यह अमर और प्रेरणादायी विचार देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ और ‘अंत्योदय’ के महान संकल्प का सबसे बड़ा मार्गदर्शन करते हैं। उक्त विचार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगरा महानगर के अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने संत शिरोमणि रविदास महाराज जी की पावन जन्मस्थली बनारस से आगरा पहुंची ‘रज कलश यात्रा’ के भव्य स्वागत के दौरान व्यक्त किए।
महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के कुशल नेतृत्व में छावनी विधानसभा के रावली मंडल के अंतर्गत इस ऐतिहासिक कलश यात्रा का अभूतपूर्व स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान छावनी विधानसभा के लोकप्रिय विधायक डॉ. जीएस धर्मेश और रावली मंडल अध्यक्ष विवेक लोधी सहित दर्जनों उत्साही कार्यकर्ताओं ने यात्रा पर पुष्पवर्षा की तथा ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ संत रविदास महाराज का वंदन किया।
विभिन्न मंदिरों पर हुए कलश दर्शन और आरती
यात्रा के आगरा आगमन पर इसका पहला प्रमुख पड़ाव तेवेश्वर महादेव मंदिर रहा। इसके उपरांत यह पावन यात्रा कैला देवी मंदिर, प्रमुख शिव मंदिर, हनुमान मंदिर और ऐतिहासिक रावली महादेव मंदिर तक पहुँची, जहाँ जगह-जगह कलश के दर्शन कराए गए। यात्रा के मार्गों पर क्षेत्र के निवासियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और व्यापारिक वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और संत रविदास महाराज की 650वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में आई इस कलश यात्रा की भव्य आरती उतारी।
प्रमुख जनों की उपस्थिति
संत रविदास जी की इस पावन रज कलश यात्रा के दर्शन और स्वागत समारोह के दौरान मुख्य रूप से भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, अशोक पिप्पल, महेश शर्मा, यात्रा संयोजक राहुल सागर, राजू परमार, रावली मंडल अध्यक्ष विवेक लोधी, रमा शर्मा और राहुल वैद्य सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

