हिमाचल प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे के दौरान कुल्लू जिला मुख्यालय के ऐतिहासिक मैदान ढालपुर से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लोकसभा चुनाव 2024 का शंखनाद कर दिया है। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की 9 साल की उपलब्धियों के साथ-साथ प्रदेश और देश की कांग्रेस पार्टी के नेताओं को निशाने पर लिया।
उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस ने सरकार बनाई है, वहां झूठ बोलकर और कोरी घोषणाएं कर सत्ता हथियाई है, लेकिन बाद में अब उनकी घोषणाएं गले पड़ गई हैं। उन्होंने कहा है कि हिमाचल में भी कांग्रेस पार्टी ने लोगों से झूठ बोलकर और झूठी 10 गारंटी देकर सत्ता तो हथिया ली है, लेकिन अब यह 10 गारंटियां पूरी करनी कांग्रेस के लिए मुसीबत बन गई हैं। अबकी बार कांग्रेस का नक्शा बिगाड़ देना।
आम व्यक्ति को आगे बढ़ने का मौका देती है भाजपा
उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस पार्टी परिवारवाद की पार्टी बनकर रह गई है, लेकिन भाजपा इसके विपरीत पार्टी बनी है। जो परिवारवाद से ऊपर उठकर आम व्यक्ति को राजनीति के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका देती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका जीता जागता उदाहरण हैं।
यही कारण है कि मुझ जैसा व्यक्ति जिसका राजनीति में परिवार का कोई भी व्यक्ति नहीं है, लेकिन इसके बावजूद दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के अध्यक्ष के रूप में कार्य करने का मौका दिया है।
मोदी ने बढ़ाया देश का मान
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी देश में कई प्रधानमंत्री रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 9 सालों से सत्तासीन पार्टी के चलते दुनिया में भारत का मान बढ़ा है। यही कारण है कि आज दूसरे देशों के प्रधानमंत्री भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने को आतुर रहते हैं।
कांग्रेस तोड़ने वाली पार्टी
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ढालपुर के रथ मैदान में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के युवराज राहुल गांधी ने बेशक भारत जोड़ो यात्रा की, लेकिन उनका और उनकी पार्टी का नाता तोड़ने से रहा है। तोड़ने वाली पार्टी और नेता कभी भी जोड़ने का काम नहीं करते। कांग्रेस पार्टी भाई भतीजावाद करने वाली पार्टी है।
यह पार्टी जाति और धर्म के नाम पर एक दूसरे को भड़काकर राज करने पर विश्वास रखती है।
नरेंद्र मोदी को एक बार फिर बनाना है प्रधानमंत्री
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जय प्रकाश नड्डा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2024 में लोकसभा के चुनाव होंगे। जिसके लिए झूठ और फरेब करने वाली कांग्रेस पार्टी का नक्शा पूरी तरह से बिगाड़ देना। नरेंद्र मोदी को एक बार फिर भारत का प्रधानमंत्री बनाकर देश को आगे बढ़ाने का मौका देना।
केंद्र सरकार की योजनाएं गिनाईं
इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले 9 साल के कार्यकाल में देश की जनता के लिए चलाई गईं योजनाओं का काफी गुणगान किया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाई गई योजनाओं से आम व्यक्ति को फायदा पहुंचा है।
Compiled: up18 News