आईटीसी मुगल में शाहिद माल्या की सुरमई शाम: ‘स्पाइसी शुगर’ के ग्रैंड फिनाले में झूम उठी ताजनगरी

विविध

आगरा: ताजनगरी के प्रतिष्ठित होटल आईटीसी मुगल में रविवार की शाम सुरों और संगीत के नाम रही। सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था ‘स्पाइसी शुगर’ के वार्षिक ग्रैंड फिनाले (सीजन-6) के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सुरमई शाम’ कार्यक्रम में बॉलीवुड के मशहूर गायक शाहिद माल्या ने अपनी जादुई आवाज़ से समां बांध दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

समाज को सकारात्मक दिशा देती हैं सांस्कृतिक संस्थाएं

मुख्य अतिथि प्रो. एसपी सिंह बघेल ने संस्था की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि कला और संगीत समाज में ऊर्जा और सौहार्द का संचार करते हैं। कार्यक्रम में पूरन डावर, राजीव वासन और चंदर सचदेवा जैसे प्रमुख लोग भी मौजूद रहे। संस्था की संस्थापक अध्यक्ष पूनम सचदेवा ने बताया कि ‘स्पाइसी शुगर’ पिछले छह वर्षों से महिलाओं को एक ऐसा मंच दे रही है जहाँ रचनात्मकता और मनोरंजन का अनूठा संगम मिलता है।

​शाहिद माल्या के गीतों पर थिरके दर्शक

जैसे ही बॉलीवुड सिंगर शाहिद माल्या मंच पर पहुँचे, पूरा सभागार तालियों की गूंज से भर गया। उन्होंने अपने मशहूर गीत “बिखरने का मुझको शौक है बड़ा…” से शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने ‘इक कुड़ी’, ‘कुक्कड़’, ‘नगाड़ा संग ढोल’ और ‘दमा दम मस्त कलंदर’ जैसे सुपरहिट गानों की एक के बाद एक शानदार प्रस्तुतियाँ दीं। दर्शकों ने अपने मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाकर माहौल को और भी जादुई बना दिया।

​सीजन-7 के लिए उत्साह

संस्था की उपलब्धियों का परिचय माला जसूजा और पुष्पा पोपटानी ने दिया। कार्यक्रम के अंत में शाहिद माल्या और सहयोगी कलाकारों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। पूनम सचदेवा ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए घोषणा की कि आगामी सीजन-7 और भी भव्य और यादगार होगा।

​इस अवसर पर संस्था की सदस्य पावनी सचदेवा, चांदनी ग्रोवर, शिखा जैन सहित आगरा की कई गणमान्य महिलाएं और प्रमुख हस्तियाँ मौजूद रहीं।