आगरा: डबल मर्डर से फैली सनसनी, पत्नी और बेटी की हत्या कर युवक फरार

Crime

आगरा। जिले में आज सोमवार की तड़के डबल मर्डर से सनसनी फैल गयी। खंदौली क्षेत्र के गांव पैंतखेड़ा में रविवार देर रात एक युवक ने दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया। देर रात पत्नी और एक वर्ष की मासूम बेटी की चाकू से गोदकर हत्या करने के बाद घर से फरार हो गया। सुबह जानकारी होने पर ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंच गए। हत्याभियुक्त की तलाश की जा रही है।

पैंतखेड़ा निवासी मनमोहन सिंह आगरा में ट्रांसपोर्ट कंपनी पर काम करता है। घर में उसकी पत्नी ममता और एक वर्ष की बेटी सौम्या और तीन वर्ष का बेटा आरव था। परिवारीजनों ने बताया कि रात 9.30 बजे मनमोहन ने पत्नी, बेटे और बेटी के साथ घर में खाना खाया था। रात 11 बजे वह बाहर घूमता देखा गया था।

इसके बाद वह घर में चला गया। रात में ही पत्नी और बेटी की हत्या करके वह फरार हो गया। सुबह सात बजे तक चाचा हरिओम को जब घर से कोई निकलता नहीं दिखा तो वे अंदर गए। कमरे में ममता और सौम्या लहूलुहान पड़े थे। आरव दूसरे कमरे में सो रहा था। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।