रूस की विदेश नीति में भारत प्राथमिक देशों में सबसे ऊंचा: रोमन बाबुश्किन

INTERNATIONAL

इंडिया टुडे टीवी चैनल को दिए साक्षात्‍कार में रोमन बाबुश्किन ने जी-20 सम्‍मेलन पर कहा कि हमारा ध्‍यान ग्‍लोबल साउथ पर है। भारत की इस दिशा में बहुत ज्‍यादा भूमिका रहेगी। भारत में जी-20 सम्‍मेलन में पश्चिमी देश यूक्रेन संकट को शामिल करना चाहते हैं। उन्‍होंने आरोप लगाया कि पश्चिमी देश यूक्रेन संकट का इस्‍तेमाल रूस को कमजोर करने के लिए करना चाहते हैं जो कभी नहीं होगा। रूस को कमजोर करने की कोशिश है। ब्रिक्‍स की बैठक होने जा रही है जिसमें 60 से ज्‍यादा देश हिस्‍सा लेने जा रहे हैं। इससे यह साबित होता है कि रूस कभी अकेला नहीं होगा।

चीन और भारत के बीच फिर से बहाल हो भरोसा

रूसी अधिकारी ने कहा कि रूस के लिए भारत और चीन सबसे बड़े सहयोगी हैं। हमारी इच्‍छा है कि दोनों के बीच स्‍थायी सहयोग वापस आए। यूरेशिया में स्थिरता इस पर निर्भर है। हम इस पर जोर देते हैं कि भारत और चीन के बीच जो सीमा विवाद है, वह द्विपक्षीय मामला है। किसी दूसरे देश की तुलना में रूस इसका राजनीतिक लाभ नहीं उठाना चाहता है। हमें उम्‍मीद है कि दोनों देशों के बीच आपसी भरोसा बढ़ेगा।

भारत अमेरिका के बीच बढ़ते रिश्‍ते पर रोमन बाबुश्किन ने कहा कि भारत एक जिम्‍मेदार महाशक्ति है और उसकी भारत की विदेश नीति बहुमुखी है। भारत और अमेरिका कई मोर्चों पर मिलकर काम करते हैं लेकिन सबसे महत्‍वपूर्ण बात यह है कि भारत की विदेश नीति स्‍वतंत्र है। वह किसी के दबाव में नहीं आता है। रूस भी इसी विदेश नीति का पालन करता है। अमेरिकी प्रतिबंधों पर उन्‍होंने कहा कि भारत और रूस दोनों ही देश इस तरह के एकतरफा प्रतिबंधों को स्‍वीकार नहीं करते हैं।

जी-20 में पुतिन भारत आएंगे या नहीं, क्‍या बोला रूस?

बता दें कि भारत ने रूस के यूक्रेन पर हमले की आलोचना अभी तक नहीं की है। रूस के मुद्दे पर संयुक्‍त राष्‍ट्र में वोटिंग के दौरान भी भारत ने अपने दोस्‍त का विरोध नहीं किया है। रोमन बाबुश्किन ने कहा कि भारत और रूस के बीच रिश्‍तों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है, हम उसे दूर कर देंगे। भारत के साथ हमारा सहयोग हमेशा विस्‍तृत रहा है। इसमें रक्षा, तेल के साथ-साथ परमाणु ऊर्जा, विज्ञान, कृषि आदि शामिल हैं। भारत में हम मेक इन इंडिया के तहत कारखाने स्‍थापित करते हैं। यह सहयोग और ज्‍यादा बढ़ने जा रहा है। जी-20 सम्‍मेलन में पुतिन आएंगे या नहीं इसको लेकर सही समय पर ऐलान किया जाएगा।

Compiled: up18 News