PK ने दिनकर की कविता के जरिए नीतीश से मुलाकात का दिया जवाब

Politics

तेरी सहायता से जय तो मैं अनायास पा जाउंगा, लेकिन…’

बेगूसराय फायरिंग कांड के बाद प्रशांत किशोर ने उसी धरती पर जन्मे राष्ट्रकवि दिनकर के शब्दों का सहारा लिया। पीके ने ट्वीट किया कि ‘तेरी सहायता से जय तो मैं अनायास पा जाऊंगा, आने वाली मानवता को लेकिन क्या मुंह दिखाऊंगा?- दिनकर’।

सवाल ये कि पीके किसकी सहायता की बात कर रहे हैं। ये जानना मुश्किल नहीं है कि उन्होंने हाल ही में नीतीश कुमार से मुलाकात की है और इशारा भी एक अणे मार्ग की तरफ ही है।

नीतीश से PK पर सवाल और उसके जवाब

1. सवाल- सर, प्रशांत किशोर से मिले थे आप?
नीतीश कुमार- वो मिले हैं तो उन्हीं से न बात कीजिएगा? (हंसते हुए)
2. सवाल- क्यों मिले, क्या बात हुई, आप चाहते हैं कि वो साथ आ जाएं?
नीतीश कुमार- नहीं कुछ खास नहीं, ऐसी कोई बात नहीं हुई।
3. सवाल- पवन वर्मा भी आए थे?
नीतीश कुमार- आप जानते हैं, पवन वर्मा से बहुत पहले का हमारा संबंध है। पवन वर्मा भी फोन किए थे कि मिलना चाहते हैं। हमने कहा कि आइए तो वही फिर लीक कर गया। (गर्दन हिलाते हुए)
4. सवाल- क्या लीक कर दिए? (हंसते हुए)
नीतीश कुमार- नहीं…नहीं। लीक कुछ नहीं हुआ। नहीं…नहीं। (जवाब को संभालते हुए)
5. सवाल- आपके मुहिम (बीजेपी के खिलाफ मोर्चा) से जुड़ने की बात है?
नीतीश कुमार- वैसा कुछ नहीं है, सामान्य सी बात है। ऐसा कुछ नहीं है कि ये करना है, वो करना है। ऐसी कोई बात नहीं है। (सिर खुजाते हुए)
6. सवाल- प्रशांत किशोर आपके साथ आएंगे?
नीतीश कुमार- ऐसा जो है…आप उन्हीं से पूछ लीजिए। मिलने में क्या दिक्कत है। किसी से भी मिलने में क्या दिक्कत है। कोई आदमी है। हमारा संबंध तो बहुत पहले का है न जी। कोई भी आदमी कहेगा कि हम मिलेंगे तो क्यों नहीं मिलेंगे भाई।
7. सवाल- बीच में आप नाराज थे प्रशांत किशोर से?
नीतीश कुमार- हम नाराज-वाराज नहीं थे। आप लोग सवाल पूछते हैं तो हम कह दिए (हंसते हुए)। हां, पूछा था दिल्ली में…बहुत पहले पूछे थे तो हमलोग तो तैयार ही थे। लेकिन वो बात तो दूसरी थी छोड़िए उन सब बातों को।
8. सवाल- क्या साथ आ सकते हैं?
नीतीश कुमार- (हाथ जोड़कर) ये बात.. हम आप लोगों से निवेदन करेंगे कि उन्हीं से बात कीजिए। ऐसी कोई खास बातचीत नहीं हुई। सामान्य बात हुई। एक बेसिक बात हुई। ऐसी कोई बात नहीं है।

-एजेंसी