​“पहली नज़र को सलाम 2” का म्यूज़िकल आगाज़: ‘सीता’ फेम मदीराक्षी और राज रंजीत की जोड़ी मचाएगी धमाल

Entertainment

​मुंबई। बहुप्रतीक्षित हिंदी फिल्म “पहली नज़र को सलाम 2” का श्रीगणेश मुम्बई में एक शानदार म्यूज़िकल मुहूर्त के साथ हुआ। गीत रिकॉर्डिंग के साथ फिल्म का औपचारिक काम शुरू हो गया है। इस फिल्म में ‘सिया के राम’ में सीता के किरदार से घर-घर अपनी पहचान बनाने वालीं मदीराक्षी मुंडले और थिएटर जगत के मंझे हुए अभिनेता राज रंजीत मुख्य भूमिकाओं में नज़र आएंगे।

​पैन इंडिया रिलीज की तैयारी

निर्माता-निर्देशक संतोष मिश्रा, जो इससे पहले इसी नाम से एक हिट क्षेत्रीय फिल्म दे चुके हैं, अब इसके सीक्वल को बड़े पैमाने पर हिंदी सहित कई भाषाओं में पैन इंडिया रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। फिल्म का संगीत इसकी आत्मा बताया जा रहा है, जिसकी शुरुआत मुहूर्त के साथ ही हो गई है।

महिला सशक्तिकरण और संजीदा अभिनय का मेल

पौराणिक किरदारों में अपनी छाप छोड़ने वाली मदीराक्षी मुंडले इस बार एक आधुनिक, आत्मनिर्भर और सशक्त युवती के रूप में पर्दे पर दिखेंगी। मदीराक्षी का मानना है कि यह फिल्म समाज को महिला सशक्तिकरण का कड़ा संदेश देगी। वहीं, पिछले 14 वर्षों से रंगमंच (थिएटर) की बारीकियां सीख चुके राज रंजीत एक बेहद संवेदनशील प्रेमी के किरदार में अपने फिल्मी सफर का नया अध्याय शुरू कर रहे हैं।

7 मार्च से बिहार में शुरू होगी शूटिंग

फिल्म की शूटिंग 7 मार्च से बिहार के खूबसूरत लोकेशन्स पर शुरू होगी। फिल्म में साउथ के मशहूर एक्शन डायरेक्टर्स के स्टंट्स और सुरीला संगीत मुख्य आकर्षण होंगे। निर्देशक संतोष मिश्रा के अनुसार, फिल्म की कहानी और कास्टिंग दर्शकों को एक नया अनुभव देने के लिए तैयार है।

-अनिल बेदाग/up18news