नई दिल्ली। केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सरकार पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बजट में बेरोजगार युवाओं, गिरते मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर और निवेशकों के पूंजी निकालने जैसे गंभीर मुद्दों पर ठोस दिशा नहीं दिखती। उनके मुताबिक घरेलू बचत दर में गिरावट आ रही है और किसान भी दबाव में हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि बजट में संभावित वैश्विक झटकों को भी नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने इसे ऐसा बजट बताया जो सुधारों से बचता है और देश की वास्तविक आर्थिक चुनौतियों को नहीं पहचानता। मीडिया से बातचीत में उन्होंने विस्तृत प्रतिक्रिया देने से फिलहाल परहेज किया और कहा कि वह संसद में इस पर अपनी बात रखेंगे।
वहीं कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी बजट पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बजट भाषण में सीमित जानकारी दी गई और कई अपेक्षित घोषणाएं नहीं दिखीं। थरूर ने खास तौर पर अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान का जिक्र करते हुए कहा कि केरल के लिए ऐसी घोषणा की उम्मीद थी, लेकिन उसका उल्लेख नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि भाषण में मछुआरों और नारियल का जिक्र जरूर आया, जिससे केरल की उम्मीद जगी, लेकिन जहाज मरम्मत जैसे मामलों में वाराणसी और पटना का नाम लिया गया। थरूर ने यह भी जोड़ा कि संभव है बजट दस्तावेजों में अधिक जानकारी हो, जिन्हें उन्होंने अभी विस्तार से नहीं देखा है।

